मेट्रो कार्य के चलते दो दिन प्रभावित रहेगा जलप्रदाय – 11 मई को पानी की आपूर्ति रहेगी बंद, 12 मई को कम दबाव से मिलेगा पानी

मेट्रो कार्य के चलते दो दिन प्रभावित रहेगा जलप्रदाय
– 11 मई को पानी की आपूर्ति रहेगी बंद, 12 मई को कम दबाव से मिलेगा पानी
– बैरसिया रोड क्षेत्र सहित कई इलाकों में असर
भोपाल, यश भारत । भोपाल मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा किए जा रहे मेट्रो निर्माण कार्य के चलते शहर के कई क्षेत्रों में दो दिनों तक जलप्रदाय प्रभावित रहेगा। बैरसिया रोड पर डीआईजी बंगला चौराहे से आरिफ नगर तक कोलार जलप्रदाय परियोजना से जुड़ी 400 एमएम व्यास की डीआई फीडरमेन लाइन को शिफ्ट करने का कार्य सोमवार, 11 मई को किया जाएगा। इस कार्य के कारण सोमवार को कई इलाकों में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी, जबकि मंगलवार, 12 मई को इन्हीं क्षेत्रों में कम दबाव से जलप्रदाय किया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार मेट्रो परियोजना के अंतर्गत बैरसिया रोड क्षेत्र में निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसी क्रम में भूमिगत पाइपलाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की आवश्यकता के चलते फीडरमेन लाइन शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा है। यह लाइन कोलार जलप्रदाय परियोजना की महत्वपूर्ण पाइपलाइन है, जिसके माध्यम से शहर के कई हिस्सों में पेयजल आपूर्ति की जाती है।
लाइन शिफ्टिंग के चलते सोमवार, 11 मई को जे.पी. नगर, पिंजोमल टैंक, काजी कैम्प, टीला जमालपुरा, आरिफ नगर, कांग्रेस नगर, ग्रीन पार्क, चौकसे नगर, छह गलियां, छोटी मस्जिद के आसपास की गलियां, नारियलखेड़ा, निशातपुरा, न्यू आरिफ नगर, रेशम केंद्र, छोला विश्रामघाट और रम्भा नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में जलप्रदाय प्रभावित रहेगा। इसके अलावा इन क्षेत्रों के आसपास की कॉलोनियों में भी पानी की आपूर्ति पर असर पड़ सकता है।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य पूरा होने के बाद जलप्रदाय व्यवस्था को सामान्य करने में कुछ समय लग सकता है, इसलिए मंगलवार, 12 मई को भी इन क्षेत्रों में कम दबाव से पानी की आपूर्ति की जाएगी। इसके बाद स्थिति सामान्य होने की संभावना है।







