संभागीय बैठक का समय बदलने पर उखड़े से नजर आए विश्नोई, धानखरीदी पर कसा तंज

यशभारत जबलपुर। जबलपुर में संभाग स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया था, जिसमें संभाग के तमाम जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। हालांकि इस बैठक में सूचना के अभाव में पाटन विधायक अजय विश्नोई शामिल नहीं हो पाए। विश्नोई ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें 3 बजे बैठक होने की जानकारी थी, वे 3 बजने से 10 मिनट पहले पहुंच गए थे, तब उन्हें पता चला कि मीटिंग तो डेढ़ बजे से थी। विश्नोई ने इसे कम्युनिकेशन गैप बताया। सीएम के आदेशों पर विश्नोई ने कहा कि सीएम ने क्या आदेश दिए, मुझे इसकी जानकारी नहीं है।
धानखरीदी पर निकाली भड़ास
पाटन विधायक अजय विश्नोई ने कहा कि कहां तो दिसंबर की शुरुआत में धानखरीदी शुरु हो जानी थी और अब दिसंबर खत्म होने को है धानखरीदी शुरु नहीं हो पा रही है। मौसम विभाग बारिश का अलर्ट दे रहा है, ऐसे में किसान बहुत हलाकान है। उन्होंने कहा कि स्व सहायता समूहों की दीदियों को धानखरीदी का काम मिलना था, जो नहीं मिला। उन्होंने कहा कि कहां तो स्व सहायता समूह की दीदियों को लखपति बनाए जाने की बात हो रही है और यहां धानखरीदी में उन्हें शामिल नहीं किया जा रहा है।
मंत्री राकेश सिंह यह बोले
इधर कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह संभाग स्तरीय बैठक आयोजित हुई थी। जिसमें जनहित के विषयों के साथ-साथ धानखरीदी को सुचारू ढंग से कराने पर भी विस्तृत चर्चा हुई।