विरोध की आग ने लिया विकराल रूप:पुतला दहन के दौरान ट्रैफिक प्रभारी झुलसे
मैहर में कांग्रेस के पुतला दहन के दौरान हादसा

मैहर,यशभारत । अलाउद्दीन चौराहे पर शुक्रवार को कांग्रेस के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान अचानक आग भड़कने से बड़ा हादसा हो गया। लपटों की चपेट में आकर यातायात प्रभारी विक्रम पाठक झुलस गए। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल मैहर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह प्रदर्शन भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय की कथित टिप्पणी के विरोध में आयोजित किया गया था, जिसमें कांग्रेस नेता उमंग सिंह का जिक्र किया गया था। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष धर्मेश भाई, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। पुतले में आग लगाते ही लपटें अचानक तेज हो गईं और कुछ समय के लिए स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
आग बुझाने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिसकर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे, तभी इंस्पेक्टर विक्रम पाठक झुलस गए। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया और क्षेत्र में व्यवस्था बहाल की।
एसपी ने दिए जांच के निर्देश
मैहर एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि सार्वजनिक प्रदर्शनों में ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग अत्यंत खतरनाक है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य शांतिपूर्ण प्रदर्शन था। फिलहाल पुलिस आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।







