भोपाल

प्रदेश के शिक्षकों को मिलेगा चौथा समयमान वेतनमान – सीएम बोले कैबिनेट में जल्द प्रस्ताव लाएंगे

प्रदेश के शिक्षकों को मिलेगा चौथा समयमान वेतनमान
– सीएम बोले कैबिनेट में जल्द प्रस्ताव लाएंगे
– सरकार पर 117 करोड़ का अतिरिक्त भार आएगा
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश के शिक्षकों को चौथा समयमान वेतनमान दिया जाएगा। यह घोषणा सीएम डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान की है। सीएम ने कहा है कि इससे 117 करोड़ का अतिरिक्त भार सरकार पर आएगा लेकिन इसमें भी हमें आनंद की अनुभूति होगी। सरकार शिक्षकों के लिए हमेशा बेहतर काम करेगी। भोपाल के प्रशासन अकादमी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश के सरकारी शिक्षक देश में मौजूद हर बोर्ड को सीधी टक्कर दे रहे हैं। यही कारण है कि हमारे सरकारी स्कूलों के बच्चे देश में आयोजित होने वाली कठिन परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। शिक्षकों के लिए जल्द ही कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर चौथा वेतनमान लागू किया जाएगा। समारोह में प्रदेशभर से चयनित 14 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इन्हें 25 हजार रुपए की सम्मान निधि, शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र दिए गए। 1 जुलाई 2023 को जिन शिक्षकों को सेवा में 35 साल पूरे हो गए हैं, उन्हें ही इस फैसले का लाभ मिलेगा। फिलहाल, चौथा वेतनमान शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मिल रहा था लेकिन शिक्षकों को नहीं। ऐसे में लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी।
-प्राथमिक और माध्यमिक श्रेणी के ये 8 शिक्षक सम्मानित:
गुना की शासकीय प्राथमिक शाला बिसोनिया के जितेन्द्र शर्मा, शाजापुर के शासकीय उ.मा.वि. क्रमांक-2 के दिलीप जायसवाल , सिवनी के ईपीईएस स्कूल भाटीवाड़ा के दिलीप कटरे, दमोह के शासकीय प्राथमिक स्कूल बसिया के श्रीकांत कुर्मी, खंडवा के शासकीय उ.मा.वि. रुस्तमपुर की श्रद्धा गुप्ता, दमोह के शासकीय माध्यमिक स्कूल के मोहन सिंह गौंड, उज्जैन की शासकीय माध्यमिक शाला, चंदेसरा के अपूर्व शर्मा, अलीराजपुर की शासकीय माध्यमिक शाला के धनराज वाणी को सम्मानित किया गया है
-उच्चतर माध्यमिक श्रेणी ये 6 शिक्षक सम्मनित:
धार के शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. बाग की राधा शर्मा, जबलपुर मेडिकल कॉलेज स्थित शासकीय उ.मा.वि. के डॉ. नरेन्द्र कुमार उरमलिया, सागर के शासकीय उ.मा. संभागीय ज्ञानोदय स्कूल के महेन्द्र कुमार लोधी, रतलाम के शासकीय उ.मा.वि. जावरा की विनीता ओझा, राजगढ़ के शासकीय हाई स्कूल की डॉ. सरिता शर्मा, बालाघाट के सौरभ कुमार शर्मा को पुरस्कृत किया गया
-प्रदेश के दो टीचर को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार:
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा हर वर्ष दिए जाने वाले राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए इस बार मध्यप्रदेश के दो शिक्षकों का चयन हुआ है। इनमें दमोह जिले के पथरिया विकासखंड की शासकीय प्राथमिक शाला की टीचर शीला पटेल और आगर-मालवा जिले के खेरिया गांव में शासकीय ईपीईएस माध्यमिक शाला के शिक्षक भैरूलाल ओसारा शामिल हैं। दोनों शिक्षकों को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया।
-राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों का भी सम्मान:
भोपाल के समारोह में वर्ष 2024 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों को भी राज्य स्तर पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें दमोह के शासकीय माध्यमिक शाला लिधौरा, ब्लॉक बटियागढ़ के माधव प्रसाद पटेल और मंदसौर के शासकीय हाई स्कूल की शिक्षिका सुनीता गोधा शामिल हैं। इन्हें शॉल श्रीफल, स्मृति चिह्न और 5 हजार रुपए की सम्मान निधि दी गई। इस मौके पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा ये सभी शिक्षक अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में अग्रणी रहे हैं। उनका चयन प्रदेश के अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button