जबलपुरमध्य प्रदेश

नर्मदा प्रकटोत्सव पर भक्ति की अविरल धारा,घाटों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

गौरीघाट से भेड़ाघाट तक पूजन, महाआरती, सहस्त्रार्चन और भव्य आयोजन

जबलपुर, यशभारत। जीवनदायिनी नर्मदा प्राक्ट्योत्सव आज रविवार को श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। चहुं ओर मां नर्मदा के जयकारे त्वदीय पाद पंकजम नमामि देवी नर्मदे के समवेत स्वर गूंज रहे हैं। धर्मधानी में विविध आयोजन चल रहे हैं। जगह-जगह माँ नर्मदा जी की प्रतिमा स्थापित की गई हैं। हवन, पूजन भंडारों का आयोजन किया गया हैं। शहर के पावन नर्मदा तट गौरीघाट, उमाघाट, जिलहरी घाट, तिलवारा घाट, भेड़ाघाट में पुण्य सलिला नर्मदा तट पर सुबह से ही श्रद्धालु उपस्थित होकर स्नान ध्यान और पूजन कर मां नर्मदा का गुणगान व दीपदान कर रहे है।

05 14

शहर भर में चौतरफा उल्लास के साथ भक्तिभाव का नजारा दिखाई दे रहा है।आस्था के सैलाब को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हुई हैं। प्राक्ट्योत्सव की पूर्व संध्या पर जहां गौरीघाट में माँ नर्मदा का एक हजार एक सौ फीट चुनरी से भव्य श्रृंगार किया गया। वहीं शहर के अनेक स्थानों पर नर्मदा मैया की प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। शास्त्रों में ऐसी मान्यता है कि जो फल गंगा में स्नान के बाद मिलता है, वैसा फल नर्मदा के दर्शन मात्र से मिलता है।

उमाघाट पर माँ नर्मदा सहस्त्रार्चन पूजन, शाम को महाआरती

माघ शुक्ल सप्तमी दिन रविवार दोपहर 12 बजे माँ नर्मदा जी मेकल पर्वत अमरकंटक में प्रकट हुई थीं । प्राक्ट्योत्सव पर महा आरती समिति द्वारा गौरीघट के उमाघाट पर दोपहर 1 बजे माँ नर्मदा शहस्त्रार्चन पूजन दर्शन हुआ। शाम 7 बजे नित्यआरती होगी । महा आरती के संस्थापक संयोजक प.ओंकार दुबे ने बताया कि दंडीस्वामी कालिकानंद सरस्वती महाराज ,जगदगुरु स्वामी राघवदेवाचार्य जी महाराज,जगदगुरु नरसिंहपीठाधीस्वर स्वामी नरसिंह दास स्वामी गिरीशानंद सरस्वती महाराज जगतगुरु स्वामी रामानुजा चार्य ,महामंडलेश्वर स्वामी राधे चैतन्य महाराज पूज्य स्वामी चैतन्यानंद महाराज पूज्य स्वामी मुकुंददास महाराज , साध्वी ज्ञानेश्वर दीदी महाराज स्वामीपगलानंद स्वामी अशोकानंद स्वामी रामभारती श्री राकेश सिंह कैबिनेट मंत्री म.प्र.शासन मुख्य अतिथि होंगे महाआरती समिति ने संस्कारधानी की जनता से उक्त कार्यक्रम में सम्मिलित होकर पुण्य अर्जित करने की अपील की है ।

नौग्रह करेंगे मां नर्मदा की महाआरती

मां नर्मदा प्राक्ट्योत्सव पर्व पर विश्वास संस्था अध्यक्ष एवं अंत्योदय प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अमर मिश्रा ने बताया कि विश्वास सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था द्वारा मां नर्मदा का प्रकटोत्सव पर्व धार्मिक आयोजनों के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है । सुबह 11.00 बजे गौ पूजन किया गया शाम को 5 बजे मां नर्मदा का दुग्धाभिषेक एवं 7.00 बजे विशेष आकर्षण का केंद्र नौ ग्रहों द्वारा मां नर्मदा की महाआरती की जाएगी । इसके पश्चात मां नर्मदा को विशेष भोग लगाया जाएगा जिसका वितरण अनवरत जारी रहेगा । कार्यक्रम में उपस्थिति की अपील संस्था के गौरी शंकर दुबे, शक्ति मिश्रा, हेमंत साहू,अमित सैनी, वीरेंद्र श्रीवास्तव, आशीष चौबे, शिवम चौबे, अचल तिवारी, अक्षय चौबे, दिनेश मिश्रा, हर्ष चौबे, अभिनव चौबे,सुभाष जैसवाल, कल्लू दुबे, नवल बर्मन आदि ने की है।

1100 फुट की चुनरी से किया श्रृंगार

04 16

मां नर्मदा उमाशंकर चुनरी भक्त समिति के द्वारा उमाघाट पर 1100 फुट की चुनरी नर्मदा मैया को इस पार से उस पर गुरुद्वारा घाट तक अर्पित की गई 51 लीटर दूध से दुग्धआभिषेक किया गया। गर्भ ग्रह से नर्मदा मैया की पादुका पूजन किया गया। विशेष नाव में हलवा व 56 भोग का भंडारा महा आरती के बाद वितरित किया गया। इस अवसर पर स्वामी नरसिंहदास महाराज, स्वामी गिरिशनन्द महाराज, स्वामी मुकुंद दास महाराज मैत्री दीदी इंद्रभान महाराज चंद्रशेखरआनंद महाराज निशा कृष्णा दीदी राम बहादुर महाराज राजेश योगी महाराज राम भारती महाराज संतोष शास्त्री सुरेंद्र नाथ महाराज बड़ी खेरमाई ट्रस्ट के अध्यक्ष शरद अग्रवाल उपस्थित थे पूजन अर्चन पं सौरभ दुबे ने कराया। इस अवसर पर चुनरी समिति के संरक्षक नर्मदा महा आरती के संस्थापक डॉ सुधीर अग्रवाल समिति समिति अध्यक्ष जयकिशन गुप्ता एडवोकेट नर्मदा पुत्र अमर सिंह ठाकुर डॉ सुचित्रा मिश्रा राकेश अहिरवार सोनू सैनी प्रमोद नगर सुरेंद्र खरे राजेश साहू समीर पटेल नितेश पटेल अतुल विश्वकर्मा अंकुर श्रीवास्तव मोनू सोनकर आशीष बाजपेई गोलू पुरी गोस्वामी कमल विश्वकर्मा मनोज कुशवाहा आदि उपस्थित थे।

भोर होते ही जुटने लगे थे भक्त

नर्मदा प्राक्ट्योत्सव पर्व को लेकर नर्मदा भक्तों में अपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। शहर के अनेक स्थानों पर मां नर्मदा की मनोहारी प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। जगमग रोशनी से सजे पंडालों में भक्तिगीत गूंज रहे हैं, वहीं प्रकटोत्सव पर्व पर भोर होते ही रेवा तट गौरीघाट, तिलवाराघाट, भेड़ाघाट, लम्हेटाघाट में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। नगर और आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी श्रद्धालुजन नर्मदा मैया के प्रति अपनी आस्था प्रकट करने यहां पहुंच र हे है।

प्रतिमाओं के जुलूस

07 11

जगह-जगह मां रेवा की प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। दमोह नाका चौक, कोतवाली, रामपुर चौराहा, गोरखपुर, पोलीपाथर, सदर, रानीताल, रांझी, गढ के विभिन्न क्षेत्रों में मां रेवा की प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। इन प्रतिमाओं को आज पूजन अर्चन के साथ जुलूस के रूप में विसर्जन के लिये गौरीघाट ले जाया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

प्राक्ट्योत्सव पर रेवातट पर उमडऩे वाली भारी भीड़ को देखते हुये जिला, पुलिस और नगर निगम प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये हैं। घाटों पर किसी अनहोनी की घटना के नियंत्रण हेतु गोताखोरों की तैनाती की गई है साथ ही पर्याप्त पुलिस बल, सुरक्षा सैनिकों, मोटर वोट के अलावा स्वयंसेवक सुबह से शाम तक सुरक्षा व्यवस्था में नजर रखे हुये दिखाई देंगे।

नौकाओं का संचालन प्रतिबंधित

जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने आदेश जारी कर श्रृद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर नर्मदा जयंती पर माँ नर्मदा के घाटों गौरीघाट, जिलहरीघाट, लम्हेटाघाट, तिलवाराघाट, भेड़ाघाट एवं सरस्वतीघाट पर नौकाओं के संचालन को पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया है। नर्मदा किनारे स्थित गांवों के नागरिकों के परिवहन हेतु नियमित रूप से संचालित की जा रही नौकाओं को इससे छूट रहेगी।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे तय मार्गों और नियमों का पालन करें, घाटों पर सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस या प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत सूचना दें। नर्मदा जयंती को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी बनाए रखेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button