सतना /अमरपाटन। नेशनल हाईवे-30 पर अमरपाटन थाना क्षेत्र के ककरा गांव के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी, जिससे बोलेरो में सवार 6 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में दो श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि चार अन्य को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल अमरपाटन लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु **रीवा** से धार्मिक नगरी **मैहर** स्थित मां शारदा मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। तभी रास्ते में ककरा गांव के पास चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक से टकरा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ट्रक और बोलेरो को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
Back to top button