खतरे के निशान के करीब पहुंची नर्मदा

खतरे के निशान के करीब पहुंची नर्मदा
.. नर्मदापुरम के सेठानी घाट पर 957फीट पर आया जलस्तर
यशभारत भोपाल।
मध्यप्रदेश में जोरदार और लगातार बरसात के कारण बाढ़ के से हालात बन गए हैं। नर्मदा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नर्मदापुरम में बुधवार सुबह 6 बजे नर्मदा का जलस्तर 957 फीट पहुंच गया जो खतरे के निशान से मजह सात फीट नीचे है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टी कर दी है। लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है। लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया है।
पूरे मध्य प्रदेश में अति भारी बारिश से हालात बिगड़े हुए हैं। भोपाल से लेकर इटारसी तक सब पानी-पानी नजर आ रहा है। स्थिति ऐसी है कि जुलाई के पहले ही हफ्ते में कई छोटे-बड़े डैमों के गेट खोलने पड़े हैं और नदी नाले उफान पर है। इस साल की शुरुआती बारिश ने ही अपने रौद्र रूप से जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। नर्मदापुरम इटारसी में मूसलाधार बारिश से शहर की गलियों और सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। बाजार और मोहल्लों में जलभराव से आवागमन बाधित हुआ। शहर के मेहरागांव नदी, न्यास कालोनी, एमजीएम कॉलेज चौराहा, जवाहर बाजार, पुरानी इटारसी के निचले क्षेत्र, नगर पालिका परिसर की दुकानें, लाइन एरिया और राधाकृष्ण मार्केट में भी जलभराव की खबरें सामने आ रही हैं।







