मध्य प्रदेश

MP में बढ़ते संक्रमण पर CM का अलर्ट:शिवराज बोले- इसे खतरे की घंटी मान कर सावधान रहें; प्रभारी मंत्री और अफसर स्थिति पर रखें नजर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिलों के प्रभारी मंत्रियों और अफसरों को कोरोना के बढ़ते मामलों पर अलर्ट रहने को कहा है। उन्होंने कहा है कि रोजाना एक्टिव केस बढ़ते जा रहे हैं। यह सिर्फ संकेत हैं। जन जागरूकता में कमी नहीं लाना है। रोजाना संक्रमण की स्थिति पर नजर रखें। मुख्यमंत्री ने शनिवार को प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर अधिकारियों की बैठक बुलाई थी।

बैठक में सीएम ने कहा कि क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य और प्रभारी मंत्री संक्रमण की स्थिति का जायजा लेते रहें। इसे खतरे की घंटी मानें। मुख्यमंत्री ने सागर और जबलपुर कलेक्टर से भी चर्चा की। उनके जिलों में आए केसों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने प्रतिदिन मॉनिटरिंग और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग पर फोकस करने के लिए कहा है।

सितंबर तक तैयार हो जाएंगे 190 ऑक्सीजन प्लांट
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में विभिन्न मदों से 190 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य है। वर्तमान में 88 संयंत्र लगाए जा चुके हैं। बाकी पर काम चल रहा है। लोक निर्माण विभाग, यूनिसेफ, पीएम केयर, कोल इंडिया, रेलवे आदि संस्थानों के सहयोग से भी ऑक्सीजन संयंत्र लगाए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में 72% फीसदी लोगों को कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लग चुका है, जो गुजरात के बाद दूसरे नंबर पर है। मुख्यमंत्री ने जिन जिलों में 50% के आस-पास वैक्सीनेशन हुआ है, उनमें वैक्सीनेशन बढ़ाने पर जोर दिया है। प्रदेश में 5 करोड़ नागरिक ( 18 वर्ष से अधिक आयु के) वैक्सीनेशन के पात्र हैं। प्रदेश में अब तक 5 करोड़ लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इसमें 4 करोड़ लोगों को पहला डोज और 89 लाख लोगों को दोनों डोज लगे हैं।

सितंबर तक 100% वैक्सीनेशन का लक्ष्य
बैठक में बताया गया कि सितंबर तक प्रदेश में 100% नागरिकों को पहला डोज लगाने का लक्ष्य है। 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर महा अभियान के अंतर्गत छूटे हुए लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। वर्तमान में प्रति सप्ताह 4 दिन वैक्सीनेशन हो रहा है। बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस, पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी, स्वास्थ्य आयुक्त आकाश त्रिपाठी, जनसंपर्क आयुक्त डॉ सुदामा खाडे और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon Join Yashbharat App