JABALPUR NEWS- जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष कुर्सी दंगलः कौन बनेगा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष दोपहर से शाम तक होगा फैसला

जबलपुर, यशभारत। जिला पंचायत जबलपुर के नवनिर्वाचित सदस्यों के सम्मिलन में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव आज होगा। जिला पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए नवनिर्वाचित सदस्यों का यह सम्मिलन जिला पंचायत के सभाकक्ष में दोपहर 12 बजे से होगा। सम्मिलन में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया पीठासीन अधिकारी कलेक्टर डाॅ. इलैयाराजा टी. की मौजूदगी में संपन्न होगी।
पहले चुना जाएगा जिला पंचायत अध्यक्ष
पहले जिला पंचायत अध्यक्ष का तथा इसके बाद उपाध्यक्ष का निर्वाचन होगा। जिला पंचायत के अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगी। दोपहर 12 बजे से एक बजे तक अभ्यर्थियों से नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किये जायेंगे। प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा दोपहर 1.10 बजे तक होगी। उम्मीदवारी से दोपहर 1.25 बजे तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। दोपहर 1.40 बजे तक मतपत्रों को बनाने एवं अन्य जरूरी तैयारियों के बाद दोपहर 2.20 बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन के परिणाम की घोषणा दोपहर 2.30 बजे तक होगी।
जिला उपाध्यक्ष की प्रक्रिया दोपहर 3 बजे के बाद
जिला पंचायत के उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया दोपहर 3 बजे से शुरू होगी। दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किये जायेंगे। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा शाम 4.10 बजे तक की जायेगी। शाम 4.25 बजे तक नाम निर्देशन पत्र वापस लिये जा सकेंगे तथा शाम 4.40 बजे तक मतपत्र बनाने एवं अन्य तैयारियों के बाद मतदान शाम 5.10 बजे तक होगा। जिला पंचायत उपाध्यक्ष के निर्वाचन परिणाम की घोषणा शाम 5.20 बजे तक की जायेगी।
वर्तमान में यह स्थिति
जबलपुर जिला पंचायत के 17 वार्डों के सदस्यों की स्थिति साफ है। इनमे से 8 पर कांग्रेस 6 पर भाजपा जबकि 3 वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद जो कि एसटी मुक्त के लिए आरक्षित है। उस पर दोनों ही पार्टी काबिज होने का दावा कर रही है। भाजपा से जहाँ संतोष बरकड़े अध्यक्ष के दावेदार है, तो वही कांग्रेस से एकता ठाकुर का नाम सबसे आगे है। हालांकि अध्यक्ष चुनने के लिए निर्दलीय की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। भाजपा और कांग्रेस अपना जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। वही कई दिग्गज नेताओं की साख भी दांव पर लगी हुई है।