जबलपुरमध्य प्रदेश

जबलपुर लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: ₹5000 की रिश्वत लेते डिप्टी रेंजर रंगे हाथों गिरफ्तार

जबलपुर: पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध कड़े निर्देशों के पालन में, लोकायुक्त जबलपुर इकाई ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंगलवार, 25 सितंबर 2025 को, लोकायुक्त की टीम ने पाटन में पदस्थ डिप्टी रेंजर ढेलन सिंह यादव को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।

ऐसे चला पूरा ऑपरेशन

यह कार्रवाई कटरा मोहल्ला, पाटन निवासी 38 वर्षीय शकील मोहम्मद वहीद की शिकायत पर की गई। शकील, जो एक कारपेंटर हैं और लकड़ी के परिवहन का काम करते हैं, ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि डिप्टी रेंजर ढेलन सिंह यादव उनसे वन क्षेत्र में लकड़ी का काम और परिवहन जारी रखने के एवज में हर महीने ₹5,000 की रिश्वत मांग रहे थे।शिकायत की गंभीरता को देखते हुए लोकायुक्त पुलिस ने तत्काल इसका सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई। आज, 25.09.2025 को, लोकायुक्त दल ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ढेलन सिंह यादव ने अपने सरकारी आवास पर शकील से ₹5,000 की रिश्वत ली, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी डिप्टी रेंजर ढेलन सिंह यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन) 2018 की धारा-7, 13(1)B, और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस ट्रेप कार्यवाही को लोकायुक्त निरीक्षक श्री राहुल गजभिये के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में निरीक्षक रेखा प्रजापति, निरीक्षक जितेंद्र यादव और लोकायुक्त जबलपुर के अन्य सदस्य शामिल थे।यह कार्रवाई दर्शाती है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और भ्रष्ट अधिकारियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस तरह की कार्रवाई से सरकारी महकमों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button