जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

बिजली चोरी की पेनाल्टी नहीं भरी तो अब कोर्ट में होगा प्रकरण दर्ज 

जबलपुर, यश भारत

जबलपुर, यश भारत। बिजली चोरी के प्रकरणों में पेनाल्टी की राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अब बिजली कंपनी ने सख्त रुख अपनाया है। जबलपुर शहर में ऐसे उपभोक्ताओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ न्यायालय के माध्यम से कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता जबलपुर संजय अरोरा ने बताया कि बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज होने के बाद भी पेनाल्टी की राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सभी कनिष्ठ एवं सहायक अभियंताओं को 5 हजार रुपए से अधिक की पेनाल्टी वाले उपभोक्ताओं को चिन्हित कर उनके बिजली कनेक्शन तत्काल खंभे से विच्छेदित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा पुराने लंबित बिजली चोरी के प्रकरणों में त्रैमासिक लोक अदालत में छूट दिए जाने के बावजूद पेनाल्टी राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के मामले भी न्यायालय में दर्ज कराए जा रहे हैं। सभी संभागों को कंपनी के अधिवक्ताओं के माध्यम से ऐसे प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत करने के विशेष निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान वित्तीय वर्ष में परिवाद पूर्व सूचना देने के बाद जबलपुर शहर में अब तक 260 प्रकरण न्यायालय में दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं इस सप्ताह चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पूर्व संभाग में 200, उत्तर संभाग में 312, विजयनगर संभाग में 83, दक्षिण संभाग में 80 और पश्चिम संभाग में 44 प्रकरणों को कंपनी के इम्पैनल्ड अधिवक्ताओं को सौंपा गया है। इस प्रकार कुल 719 नए प्रकरण विशेष न्यायालय में परिवाद के लिए दर्ज कराए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button