
स्वच्छता में देश में 5 बार परचम फहराने वाले इंदौर शहर में आज एशिया के सबसे बड़े CNG गोबर धन प्लांट का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा- हम जब छोटे थे, तब इंदौर का नाम आते ही सबसे पहले देवी अहिल्या बाई होल्कर, महेश्वर और उनके सेवाभाव का ध्यान जरूर आता था। समय के साथ इंदौर बदला। ज्यादा अच्छे के लिए बदला, लेकिन देवी अहिल्या की प्रेरणा को कभी खोने नहीं दिया। उनका नाम आते ही आज इंदौर के लिए मन में आता है ‘स्वच्छता’ आ जाता है। मैं इंदौर के हर सफाईकर्मी को आदर पूर्वक प्रणाम करता हूं। इस कोरोनाकाल में आपने सफाई को दुरुस्त न रखा होता तो न जाने क्या होता। मेरी बाल सेना ने भी बड़ी मदद की है। वे अपने दादा-नाना से कहते हैं कचरा यहां मत फेंको।
पीएम मोदी ने कहा- बेसराहा मवेशियों से होने वाली परेशानी भी इस तरह के गोबर धन प्लांट से कम हो जाएगी। गोबर धन योजना यानी कचरे से ‘कंचन’ बनाने के अभियान का असर हो रहा है। कचरे और गोबर से गैस बनेगी। इससे लोगों को आय भी होगी। इसकी जानकारी जितने ज्यादा से ज्यादा लोगों को मिले वो उतना ही अच्छा है। इस प्लांट से सीएनजी के साथ ही 100 टन जैविक खाद भी रोज निकलेगी। सीएनजी से प्रदूषण कम होगा। सभी को जीवन जीने में सुविधा बढ़ेगी। हमारी धरती मां को भी नया जीवन मिलेगा। हमारी धरती का कायाकल्प होगा। पीएम मोदी ने कहा कि- मुझे प्रसन्नता है कि काशी में देवी अहिल्या की सुंदर प्रतिमा रखी गई है। जब लोग काशी विश्वनाथ के दर्शन करने जाएंगे तो इनके भी दर्शन करेंगे।







