
मुंबई, यश भारत
मुंबई कस्टम्स ज़ोन–III के एयरपोर्ट आयुक्तालय के अधिकारियों ने तस्करी का एक अनोखा मामला उजागर किया। लंदन से भारत लाई जा रही प्राचीन सोने और चांदी की दुर्लभ सिक्कों की खेप को कस्टम्स ने जब्त किया है।
कस्टम्स अधिकारियों ने यह कार्रवाई वर्जिन अटलांटिक एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या VS-354 से लंदन से मुंबई पहुंचे एक यात्री के खिलाफ की। जांच के दौरान यात्री के पास से ऐतिहासिक महत्व के प्राचीन सिक्के बरामद किए गए, जिन्हें अवैध रूप से भारत लाया जा रहा था।
● जब्त किए गए सिक्कों का विवरण इस प्रकार है—
• 12.37 ग्राम वजन का सोने का सिक्का: ईस्ट इंडिया कंपनी, बंगाल प्रेसिडेंसी का गोल्ड मोहर, मुर्शिदाबाद टकसाल में ढला, शाह आलम द्वितीय के नाम पर (AH 1202/RY 19)।
• 8.00 ग्राम वजन का सोने का सिक्का: प्राचीन कुषाण साम्राज्य का, सम्राट हुविष्क का गोल्ड दिनार।
• 11.44 ग्राम वजन का चांदी का सिक्का: मुगल सम्राट जहांगीर का सिल्वर रुपया, राशि चिन्ह कर्क (Cancer) के साथ, अहमदाबाद टकसाल में ढला।
कस्टम्स अधिकारियों के अनुसार, ये सिक्के पुरातात्विक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।







