कत्ल की खौफनाक वारदात: टक्कर मारी, कुल्हाड़ी से काटा : साजिश रचने वाले दो इनामी आरोपी गिरफ्तार
पहले गाड़ी से टक्कर मारकर बाइक से गिराया, फिर कुल्हाड़ी, लाठी से किया जानलेवा हमला; शाहपुर की बरेठा बाबा घाटी से पुलिस ने दबोचा

दमोह। पथरिया में पदम यादव हत्याकांड के बाद फरार चल रहे आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
सनसनीखेज वारदात में शामिल बताए जा रहे दो आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी घटना के बाद से ही पुलिस की पकड़ से बाहर थे और उनकी गिरफ्तारी पर घोषित इनाम बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दिया गया था।
रास्ते में टक्कर, फिर हथियारों से हमला!
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को पदम यादव निवासी साहू तिराहा, बालाकोट रोड, आरटीओ कार्यालय के पास पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि ग्राम मझगुवां, थाना गढ़ाकोटा, जिला सागर के आरोपियों ने एकराय होकर पहले वाहन से टक्कर मारकर पदम यादव को मोटरसाइकिल से नीचे गिराया। इसके बाद कुल्हाड़ी, लाठी और कत्तना से उस पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में फरियादिया देवी यादव की रिपोर्ट पर पथरिया थाने में अपराध क्रमांक 533/2026 दर्ज कर प्रकरण की विवेचना शुरू की गई।
10 हजार से बढ़कर 20 हजार हुआ इनाम
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। उनकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने पहले 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में पुलिस उपमहानिरीक्षक, सागर द्वारा इनाम की राशि बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया और एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर बरेठा बाबा घाटी में दबिश
पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के ठिकाने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने 22 अक्टूबर 2026 को शाहपुर स्थित बरेठा बाबा की घाटी में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेन्द्र उर्फ लल्लू यादव (28), पिता खेमचंद्र यादव, और दीपेश उर्फ लाल यादव (24), पिता स्वर्गीय रमेश यादव, दोनों निवासी ग्राम मझगुवां, थाना गढ़ाकोटा, जिला सागर के रूप में हुई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में पथरिया थाना प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र कुमार जगेत, उपनिरीक्षक श्यामसुंदर दुबे, सहायक उपनिरीक्षक अलजार सिंह, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र यादव, आरक्षक कपिल, नवीन, राहुल, अक्षय, विनोद, अनुराग और चालक आरक्षक रितुराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की कार्रवाई के बाद हत्याकांड में दो गिरफ्तारियां हुई हैं। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की वैधानिक कार्रवाई को लेकर पुलिस की विवेचना जारी है।







