6 दिन का सुनहरा मौका: संपत्ति कर-जलकर के अधिभार में 100% तक छूट, 31 मार्च तक ही राहत
नेशनल लोक अदालत की भांति 31 मार्च जा रहेगी छूट

6 दिन का सुनहरा मौका: संपत्ति कर-जलकर के अधिभार में 100% तक छूट, 31 मार्च तक ही राहत
कटनी.,यशभारत। शहरवासियों के लिए नगर निगम ने राहत भरी पहल करते हुए लोक अदालत की तर्ज पर विशेष छूट अभियान शुरू किया है। इसके तहत संपत्ति कर और जलकर के बकाया पर लगने वाले अधिभार (पेनल्टी) में 100% से लेकर 25% तक की छूट दी जा रही है। यह विशेष सुविधा 31 मार्च तक ही प्रभावी रहेगी, यानी अब नागरिकों के पास केवल 6 दिन का ही समय बचा है।
राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश शासन के अपर सचिव के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अपने बकाया कर का आसान निराकरण कर सकें। उन्होंने कहा कि यह एक सीमित समय का सुनहरा अवसर है, जिसका लाभ सभी को उठाना चाहिए।
निगमायुक्त तपस्या परिहार के सफल मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों—नगर निगम कार्यालय, सुभाष चौक, माधव नगर, खरहनी जोन (बस स्टैंड के पास) सहित अन्य केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों में कर जमा करने की सरल और त्वरित व्यवस्था की गई है, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पिछली लोक अदालत में मिली शानदार सफलता
नगर निगम को पिछली लोक अदालत में भी नागरिकों का अच्छा सहयोग मिला था। उस दौरान संपत्ति कर से 1 करोड़ 76 लाख रुपए और जलकर से करीब डेढ़ करोड़ रुपए अधिभार के रूप में वसूले गए थे, जो निगम के लिए बड़ी उपलब्धि रही।
लक्ष्य के करीब निगम, रिकॉर्ड वसूली के आसार
सूत्रों के अनुसार नगर निगम इस बार अपने निर्धारित लक्ष्य के बेहद करीब पहुंच चुका है। अधिकारियों को उम्मीद है कि 31 मार्च तक लक्ष्य से अधिक वसूली कर इस बार नया इतिहास रचा जाएगा।
नागरिकों से अपील: आखिरी मौका न चूकें
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपने बकाया संपत्ति कर एवं जलकर का भुगतान कर दें। अधिभार में मिल रही इस बड़ी छूट का लाभ उठाकर न केवल अतिरिक्त बोझ से बचें, बल्कि शहर के विकास में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। निगम ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे नजदीकी शिविर या निगम कार्यालय पहुंचकर समय रहते कर जमा करें और इस सुनहरे अवसर का पूरा लाभ उठाएं।







