गुजरात में 36 घंटे में 565 मिमी बारिश : घाघरा नदी उफनाई, 100 लोगों का रेस्क्यू, 11 राज्यों में अलर्ट

नई दिल्ली, ईएमएस। गुजरात के पोरबंदर में गुरुवार-शुक्रवार को 36 घंटे में 565 मिमी बारिश हुई। इससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने यहां आज भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।उधर, उत्तर प्रदेश के बहराइच में घाघरा नदी का जलस्तर अचानक बढऩे से खेतों में काम कर रहे करीब 100 लोग फंस गए। उन्हें 3 घंटे बाद सुरक्षित निकाला गया।राज्य में फिलहाल मानसून ब्रेक की स्थिति में है। कई जगह तापमान में इजाफा हुआ है। कानपुर में 40.8 डिग्री तो प्रयागराज में 39.8 डिग्री सेल्सियस टेम्परेचर रिकॉर्ड किया गया।
उधर, महाराष्ट्र के ठाणे और मुबंई समेत कई जिलों में देर रात और सुबह तेज बारिश हुई। नागपुर में स्कूल-कॉलेजों की आज की छुट्टी कर दी गई है। यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज 20 जुलाई के लिए 11 राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
कहां भारी और कहां बहुत भारी बारिश का अलर्ट
बहुत भारी बारिश: गोवा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड।
भारी बारिश- पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय।