56 हजार 414 करोड़ के निवेश के लिए साइन हुए एमओयू : माइनिंग कॉन्क्लेव में उद्योगपतियों से बोले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव- आप बड़े सपने देखिए सरकार आपके साथ

कटनी, यशभारत। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बताया कि कटनी में आयोजित हुई माइनिंग कॉन्क्लेव में 56 हजार 414 करोड़ के निवेश के लिए उद्योगपतियों ने एमओयू साइन किए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही कटनी को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलने जा रही है। आज होटल अरिंदम में माइनिंग कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए कॉन्क्लेव में शामिल हुए देशभर के उद्योगपतियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर वर्ग की चिंता की है। एक शोषण शब्द है, एक दोहन है। हमारी संस्कृति जियो और जीने दो की है। उद्योगपतियों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं सभी को रोजगार मिलता है। मप्र में पर्याप्त संसाधन हैं। अच्छी सड़के हैं, बिजली है, अच्छा माहौल है। कटनी की पहचान खनिज संसाधन की प्रचुरता की है। उन्होंने कहा मप्र में एयर कार्गो की तैयारी है। कटनी का चूना सीमेंट के पहले से मशहूर है। सरकार के मुखिया होने के नाते सभी को आश्वस्त करता हूं कि उद्योगपतियों को स्वस्थ परिवेश मिलेगा। 27 अगस्त को उज्जैन में इंडस्ट्रियल कांक्लेव कर रहे हैं। पर्यटन के क्षेत्र में भी सरकार आगे बढ़ रही है। धार्मिक स्थलों में विकास कार्य हो रहे है। माइनिंग के क्षेत्र में हर बाकी राज्यों की तुलना में आप बड़ा से बड़ा सपना देखो, हम आपके साथ हैं। पीएम के नेतृत्व में भारत पूरी दुनियां में सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है। सीमेंट, कोयला, आयरन सभी में संभावनाएं हैं। तकनीकी कौशल के लिए सरकार नए इंस्टिट्यूट खोलने की दिशा में भी काम कर रही है। डॉ मोहन यादव ने कहा कि पीपीपी मोड के तहत मेडिकल कॉलेज चलाने के इच्छुक और सक्षम लोग है उन्हें हम अपने अस्पताल मुहैया करा सकते हैं। इसे अपनी क्षमता से मेडिकल कॉलेज में बदलें। हमारी सरकार समाज में बदलाव लाने की मंशा के तहत आगे बढ़ रही है। 9 करोड़ की आबादी के इस प्रदेश के लोग साफ दिल के हैं।
कटनी में खुले माइनिंग इंस्टीट्यूट – वीडी शर्मा
सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि मप्र को आर्थिक रूप से सम्पन्न बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव लगातार प्रयास कर रहे हैं। जबसे उन्होंने मप्र की कमान संभाली है तब से प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने वाले कार्य किए है। कटनी में माइनिंग कॉन्क्लेव मील का पत्थर साबित होगी। कटनी की धरती रत्नगर्भा है। पन्ना में डायमंड पार्क की स्थापना के प्रयास हो रहे, जिसमें डायमंड की कटिंग और पॉलिशिंग के प्लांट लगेंगे। अनेक बड़े उद्योगपतियों के साथ आज जो एमओयू साइन हुए हैं उससे कटनी ही नहीं पूरे प्रदेश के विकास के रास्ते खुलेंगे। उद्योग जगत के लिए अच्छा माहौल मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कटनी में युवाओं के रोजगार के लिए माइनिंग इंस्टीट्यूट खुले।
मोहन यादव विजनरी सीएम हैं : राव उदय प्रताप सिंह
प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि महाकौशल के लिए आज सौभाग्य का दिन है। माइनिंग कॉन्क्लेव का कटनी में आयोजन खास है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोच को बदलने का काम किया। उन्होंने विकास का नया रास्ता दिया। वे विजनरी सीएम हैं। एक्सपर्ट की बातें आपने इस आयोजन में सुनी। हम अपने संसाधनों का उपयोग कैसे कर सकते हैं, इस पर उद्योगपतियों के अहम सुझाव दिए। मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देता हूं कि उन्होंने उद्योगों के लिए नया माहौल तैयार किया। उन्होंने क्रांति के रूप में प्रदेश को आगे बढ़ाया और रोजगार के नए अवसर पैदा किए।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात की
सीएम मोहन यादव ने मंच से ही प्रमुख उद्योगपतियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात की। इनमें एनसीएल के सीएमडी राजीव मूंदड़ा कलकत्ता से, उद्योगपति जेपी अग्रवाल श्रीलंका से और उद्योगपति विवेक भाटिया शामिल हुए। सीएम ने कहा कि आपको बधाई देता हूं कि आप निवेश के बारे में सोच रहे है। आप आगे आइए सरकार आपको पूरा सहयोग करेगी।
उमाकांत उमराव द्वारा प्रेजेन्टेशन
खनिज विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव ने कहा मेरे देश की धरती सोना उगले- उगले हीरे मोती…अपना मप्र ऐसा है जिंसमे हीरा और सोना होता है, मप्र में अपवाद स्वरूप कोई खनिज होगा जो नही होगा,हमारे मध्यप्रदेश में सभी खनिज है यह ऊपर वाले कि कृपा है। मप्र में सभी खनिज गुणवत्ता और रखरखाव में भी मप्र अव्वल है, पूरे देश में केवल mp में हीरा होता है,मप्र कई खनिज में अव्वल या टॉप फाइव में आता है। आभार प्रदर्शन विधायक संदीप जायसवाल ने किया।









