
भोपाल के बिलखिरिया इलाके में 4 साल का बच्चा नहर में बह गया। उसका शव आधा किलो मीटर दूर मिला। घटना सोमवार शाम चार बजे उस दौरान हुई, जब बच्चा अपने 6 साल के बड़े भाई के साथ घर के पास नहर के किनारे खेल रहा था। पैर फिसलने से वह नहर में गिर गया। बहाव तेज था। बिलखिरिया थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमझरा पठार निवासी अनीस खां निजी काम करते हैं। सोमवार सुबह वह बकरियों के लिए पत्ती तोड़ने चले गए। पत्नी समीना बड़े बेटे सलमान को लेकर बकरी चराने चली गई। छोटा बेटा सद्दाम (4) और बड़ा बेटा फिरोज (6) घर में ही थे। दोनों खाना खाने के बाद घर के बाहर खेल रहे थे। इसी बीच फिरोज छोटे भाई सद्दाम को छोड़कर दूसरे बच्चों के साथ खेलने लगा। सद्दाम खेलते-खेलते घर से करीब 25 फीट दूर नहर के पास आकर खेलने लगा। इसी बीच उसका पैर नहर की पटरी से फिसल गया। वह सीधे पांच फीट गहरी नहर में गिर गया। थोड़ी देर बाद अनीस घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि बेटा नहीं है, इस पर मोहल्ले वालों ने बताया कि सद्दाम नहर में बह गया। आधा किलो मीटर दूर उसका शव नहर के बीच पत्थर में फंसा मिला। तब तक काफी देर हो चुकी थी।