2 पुलिसकर्मियों पर FIR:होटल के सामने पार्किंग से चली गोली, युवक घायल, दो पुलिस जवानों पर गोली मारने का आरोप

शहर के सिटी सेंटर में होटल सेवन इलेवन के वाहन एक मल्टी के बाहर पार्किंग पर हंगामा खड़ा हो गया। विवाद बढ़ा तो कार तोड़ दी गईं और गोलियां भी चलीं। एक युवक घायल भी हुआ है। घटना शनिवार रात 11 बजे की है।
घटना के समय होटल में एक इंस्पेक्टर के बेटे का बर्थ डे सेलिब्रेशन चल रहा था। घायल ने गोली मारने वालों में दो की पहचान पुलिस जवानों के रूप में की है। पुलिस ने दो जवानों सहित चार पर हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज कर लिया है। गोली की घटना संदिग्ध बताई जा रही है और सच्चाई जानने के लिए वहां लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
सेवन इलेवन होटल में शनिवार रात को जिले के बाहर पदस्थ एक इंस्पेक्टर के बेटे की बर्थ डे पार्टी चल रही थी। इसी दौरान होटल के सामने सोमेल अपार्टमेंट के बाहर बर्थ डे में आए लोगों की कार पार्किंग होटल स्टाफ ने करा दी थी। पहले भी कई बार मल्टी के सामने पार्किंग को लेकर झगड़े हो चुके हैं। इसी समय अपार्टमेंट में रहने वाले अंबरिश और अविनाश भदौरिया और नीलू उर्फ नरेन्द्र कुशवाह का अपार्टमेंट में गाड़ी रखने को लेकर होटल के स्टाफ से विवाद हो गया।
पार्किंग को लेकर दोनों पक्षों में घमासान मचा और अंदर बर्थ डे पार्टी से भी कुछ मेहमान इस विवाद में कूद पड़े। वहां एक कार को फोड़ने के बाद गोलीबारी भी हुई है। जिसमें नीलू कुशवाह हाथ में गोली लगने से घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए पहुंचाया।
घायल का आरोप
घायल नीलू कुशवाह ने आरोप लगाया है कि उसे गोली मारने वाले पुलिस जवान मोनू उर्फ अनंत पाल सिंह व हरिसिंह सिकरवार और अन्य हैं। घायल की शिकायत पर पुलिस ने अभी दोनों जवानों सहित चार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
एक कहानी यह भी
झगड़े में जब अंबरीश गोली चला रहा था तो नीलू उसे रोक रहा था। पिस्टल छीनने के दौरान उसे गोली लगी है लेकिन इसका कोई सबूत अभी पुलिस के पास नहीं है।
CCTV कैमरे से खुलेगा राज
थाना प्रभारी विश्वविद्यालय आनंद बाजपेयी ने बताया कि होटल के बाहर और एरिया में लगे CCTV कैमरे से घटना की सच्चाई का राज खुल सकेगा। पुलिस मामले में जांच कर रही है। पुलिस अभी पूरे एरिया के फुटेज चेक कर रही है। जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद है।