किसान के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला : सिर में कुल्हाड़ी लगी थी, आधा KM भागते हुए खेत से बाहर आया

खेत की रखवाली के लिए सो रहे किसान पर एक नकाबपोश बदमाश ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी किसान के सिर में लगी और वह लहूलुहान हो गया। हमलावर उसे मरा समझकर भाग गया। सिर में लगी कुल्हाड़ी के साथ ही घायल खेत से निकलकर आधा किलोमीटर दूर तक भागता हुआ आया और पुलिस तक खबर दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया है। घायल के सिर में गंभीर घाव हैं, लेकिन उसकी जान बच गई है। घटना रविवार-सोमवार दरमियानी रात हस्तिनापुर के चक बुंधारा गांव की है। पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह नहीं समझ पा रही है कि किसान पर हमला किसने और क्यों किया है।
हस्तिनापुर के चक बुंधारा निवासी फेरन सिंह कुशवाह (42) पुत्र रामेश्वर सिंह कुशवाह किसान है। रविवार रात 9 बजे वह अपने खेत की रखवाली करने के लिए गया था। रात 11 बजे तक रखवाली करने के बाद वह खेत में बने मचान पर कुछ देर आराम करने के लिए लेट गया। रात करीब डेढ़ बजे नकाबपोश बदमाश आया और कुल्हाड़ी उसके सिर में मार दी। जिससे वह गंभीर घायल हो गया। हमला करने के बाद हमलावर किसान को मृत समझकर वहां से भाग गया। घायल फेरन सिंह सिर में कुल्हाड़ी लगने के बाद भी खेत से आधा किलोमीटर दूर तक भाग कर आया और राहगीर की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायल को अस्पताल पहुंचाया है। ग्वालियर ट्रॉमा सेंटर में उसे भर्ती किया गया है। फिलहाल हालत गंभीर है, लेकिन जान बच गई है। यदि किसान भागकर बाहर तक नहीं आता तो उसकी जान भी जा सकती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
हमला क्यों और किसने किया
– पुलिस ने जब घायल के परिजन से बात की तो उन्होंने किसी से भी दुश्मनी नहीं होने की बात कही है। घायल ने भी बताया है कि हमलावर नकाबपोश था। उसका कोई विवाद ही नहीं है। पुलिस को यही समझ नहीं आ रहा है कि उस पर हमला किसने किया है और क्यों किया है।
चोरी के प्रयास में हमला का भी संदेह
– पुलिस को एक यह भी आशंका है कि कोई ऐसा विवाद है जिसे फेरन सिंह बता नहीं पा रहा है। उसकी रंजिश पर यह हमला किया गया है। या फिर यह चोरी का मामला दर्ज। खेत में पंप या अन्य सामान चोरी करने के लिए बदमाश घुसा। फेरन को देखकर कुल्हाड़ी मार दी। पर इसकी संभावना कम ही नजर आ रही है। पुलिस रंजिश के एंगल पर ही जांच कर रही है।