पत्नी को वश में करने काटा था बाघिन का पंजा : पेंच टाइगर रिजर्व के रूखड़ बफर में मिला था बाघिन का शव

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व के रूखड़ बफर में मृत बाघिन के चारों पंजे आरोपितों ने अपनी पत्नी को वश में करने झाड़फूंक करने पंडा के कहने पर काटे थे। इसमें गांव के अन्य चार आरोपित भी शामिल थे। वन अमला अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि आरोपितों को उकसाने वाला पंडा और एक अन्य आरोपित फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
वन अधिकारियों के अनुसार 26 अप्रैल को बाघिन का शव मिलने से लगभग 15 दिन पहले मुख्य आरोपित राजकुमार और झाम सिंह अन्य ग्रामीणों के साथ बफर जंगल में मछली का पकड़ने गए थे। इस दौरान उन्होंने बाघिन का शव देखा। बाघिन के शव से कुछ दूरी पर एक बाघ को बैठा देखकर आरोपित पीछे हट गए। अगले दिन आरोपित एक फरार आरोपित सुखलाल के साथ फिर से उसी जगह पहुंचे और बाघिन के पंजे तथा नुकीले दांत काट कर ले गए। आरोपितों ने बाघिन के पंजे और दांत लाने की जानकारी पंडा को दी। इस पर पंडा ने तंत्र मंत्र से पत्नी को वश में करने आरोपितों को बाघिन की खाल भी लाने की बात कही। इसके बाद तीसरे दिन आरोपित राजकुमार व झाम सिंह पुन: छवि लाल, रत्नेश परते, मनीष उइके को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और खाल का एक टुकड़ा काटकर ले आए। लेकिन बाघिन का शव मिलते ही वन अमले ने आरोपितों को खोज निकाला। अज्ञात आरोपितों को पकड़ने पेंच पार्क प्रबंधन ने दस हजार रुपये नकद पुरस्कार भी घोषित किया था।
गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में बाघिन के शव से पंजा काटने और दांत उखाड़ने का कारण सुनकर वन अधिकारी भी आश्चर्य में पड़ गए। आरोपित राजकुमार व झामसिंह ने बताया कि उन्होंने सिर्फ अपनी पत्नियों को तंत्र-मंत्र से काबू में करने एक पंडा के कहने पर इस घटना को अंजाम दिया था। पंडा ने आरोपितों को बताया था कि बाघ पंजों के साथ तांत्रिक किया करने के बाद उन्हें अपनी पत्नी को ‘वश’ में करने की शक्ति मिल जाएगी। हालाकि आरोपितों के कब्जे से वन अमले ने बाघिन के पंजों, दांत, मूंछ के बाल के अलावा तंत्रमंत्र से जुड़ी अन्य सामग्री भी बरामद की थी।
रूखड़ वन परिक्षेत्र अधिकारी शुभम बड़ोनिया ने बताया कि प्रकरण में अब तक पांच आरोपित झाम सिंह पुत्र सिमत लाल कुमरे, राजकुमार पुत्र मनने लाल भलावी, छवि लाल पुत्र झाडू लाल मसराम, रत्नेश पुत्र विपत लाल परते, मनीष पुत्र शिव प्रसाद उइके (सभी निवासी ग्राम सावंगी) गिरफ्तार हैं। एक अन्य फरार आरोपित सुखलाल व पंडा की पतासाजी की जा रही है।