मध्य प्रदेशराज्य

दिल दहला देने वाली वारदात: मां ने चार मासूम बेटियों को कुएं में फेंका, फिर खुद फांसी लगाकर दी जान

Table of Contents

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के केसली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नन्ही देवरी खमरिया में गुरुवार को एक ऐसी हृदय विदारक घटना सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ एक मां ने अपनी चार मासूम बेटियों को कुएं में फेंककर मौत के घाट उतार दिया और बाद में खुद फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस सामूहिक हत्याकांड और आत्महत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में मातम पसर गया है।

Screenshot 20260312 174701.WhatsApp

यश भारत के संभागीय ब्यूरो को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 28 वर्षीय सविता बाई, पत्नी चंद्रभान लोधी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार की देर रात जब घर के अन्य सदस्य सो रहे थे, तब सविता ने कथित रूप से अपनी चार बेटियों—अंशिका (7 वर्ष), रक्षा (5 वर्ष), दीक्षा (3 वर्ष) और मात्र 5 माह की मासूम मनीषा को घर के पास स्थित कुएं में ले जाकर फेंक दिया। मासूमों को मौत के मुंह में धकेलने के बाद महिला ने घर के अंदर जाकर फांसी लगा ली।

    घटना के समय मृतका का पति चंद्रभान लोधी मजदूरी के सिलसिले में गांव से बाहर गया हुआ था। घर में सविता की सास और ननद मौजूद थीं, लेकिन वे गहरी नींद में होने के कारण इस भयावह कृत्य से पूरी तरह अनजान रहीं। गुरुवार सुबह जब काफी देर तक हलचल नहीं हुई और ग्रामीणों को घटना का आभास हुआ, तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही केसली थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

तीन शव बरामद, पांच माह की मासूम की तलाश जारी

पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल कुएं में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद तीन बच्चियों (अंशिका, रक्षा और दीक्षा) के शव कुएं से बाहर निकाल लिए गए हैं। हालांकि, 5 माह की मासूम मनीषा का पता अब तक नहीं चल सका है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार प्रयास कर रही है। महिला के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

जांच में जुटी पुलिस, कारणों का खुलासा नहीं

इतने बड़े आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह अभी तक रहस्य बनी हुई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार उईके ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि उनके पुलिस भर्ती प्रक्रिया में व्यस्त रहने के बावजूद उन्होंने स्थानीय पुलिस अमले को निर्देशित किया है जिसके आधार पर मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी गई है। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला किसी मानसिक तनाव में थी या कोई पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना ने न केवल नन्ही देवरी खमरिया बल्कि पूरे सागर जिले को स्तब्ध कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button