हॉकी प्रतियोगिता : शामिल हुए मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल : नरसिंहपुर की टीम ने उज्जैन को 4-3 से हराया

नरसिंहपुर यशभारत। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल नरसिंहपुर हॉकी स्टेडियम में स्व.मणिनागेन्द्र सिंह की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। 8 दिसम्बर से 12 दिसम्बर तक चले इस प्रतियोगिता में फाइनल मैच नरसिंहपुर और उज्जैन के बीच खेला गयाl जिसमें नरसिंहपुर की टीम ने उज्जैन को 4-3 से हराया। अतिथियों ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।
मंत्री श्री पटेल व अन्य अतिथियों ने विजेता एवं उप विजेता टीम, निर्णायकों, सर्वश्रेष्ठ खिलाडिय़ों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोडिय़ा, विधायकद्वय विश्वनाथ सिंह पटेल एवं महेन्द्र नागेश, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, पूर्व विधायक एनपी प्रजापति व संजय शर्मा मंचासीन थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री पटेल ने कहा कि खेल के मैदान में खिलाडिय़ों को खेलता देख एक अलग ही अनुभूति मिलती है। आज नरसिंहपुर हॉकी अकादमी, खिलाडिय़ों एवं निर्णायकों ने जिस बेहतरीन तरीके से कार्यक्रम को सफल बनाया है, इसके लिए सभी को बधाई। मंत्री श्री पटेल ने हॉकी स्टेडियम नरसिंहपुर के बारे में बताते हुए कहा कि इस मैदान पर उन्होंने भारत और फ्रांस के बीच खेले गये हॉकी मैच को देखा था। अच्छा खेल व खिलाड़ी समाज पैदा करता है। सरकार सिर्फ उन्हें साधन मुहैया करा सकती है। आज इस आयोजन में सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों ने शिरकत की। यह संदेश देता है कि हमें दलीय भावना से दूर रहकर एकजुटता के साथ खेलों को प्रोत्साहन देना चाहिये।
मैं अक्सर कहता हूं कि सच्चे अभिभावक की पहचान है कि जो कष्ट उन्होंने अपने जीवन में भोगे हैं, वह कष्ट उनके बच्चे न भोगें। आज जिस खिलाड़ी भावना से खिलाडिय़ों ने खेल का प्रदर्शन किया, वह वाकई काबिले तारीफ है। दोनों टीमों के खिलाडिय़ों को बधाई एवं शुभकामनायें। आज हम यह संकल्प लेकर जायें कि इस तरह के आयोजन निरंतर प्रतिवर्ष होते रहें और बेहतर से बेहतर सुविधायें खिलाडिय़ों को दे सकते हैं, वह देने का प्रयास करेंगे।
विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल ने कहा कि दोनों टीमों को बधाई। एक टीम विजेता बनी है और एक उपविजेता। जो टीम जीत नहीं पाई है वह सबक लें और अपने खेल को बेहतर बनाने का प्रयास करें। एक दिन जीत अवश्य मिलेगी। पूर्व सांसद कैलाश सोनी ने कहा कि इस जिले का हॉकी के प्रति समर्पण कई वर्षों से रहा है। राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम करने वाले खिलाड़ी इसी मैदान से निकले हैं। बहुत ही कम संसाधन में खेले जाने वाला यह खेल है। फाईनल मैच में जो टीम हारी है, उसे दुखी होने की जरूरत नहीं है, वे अपनी कमियों को सुधारें और उम्दा प्रदर्शन करें।
समापन कार्यक्रम में मंत्री श्री पटेल व अन्य अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को ट्राफी, स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। स्व. कृष्ण कुमार चौबे की स्मृति में सर्वश्रेष्ठ प्लेयर सबसे कम आयुद्ध का खिताब नरसिंहपुर के मोहित महोबिया को मिला। स्व. हकीम मासाब की स्मृति में सर्वश्रेष्ठ गोल कीपर उज्जैन के खिलाड़ी सुदर्शन, सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर उज्जैन के कुलदीप, सर्वश्रेष्ठ फारवर्ड नरसिंहपुर के शाहिल दास, बेस्ट स्कोरल नरसिंहपुर के अमन साहू, बेस्ट सेंटर हॉफ नरसिंहपुर के सुशील को दिया गया। उप विजेता टीम उज्जैन को 21 हजार रुपये और ट्राफी व विजेता टीम नरसिंहपुर को 31 हजार रुपये की राशि व ट्राफी प्रदान की गई। कार्यक्रम के पूर्व मंत्री श्री पटेल व अन्य अतिथियों ने स्व.मणिनागेन्द्र सिंह के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किये और दोनों टीमों के खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया।र्
कार्यक्रम में रही इनकी उपस्थिति
नगर पालिका अध्यक्ष नीरज दुबे व उपाध्यक्ष अजीत ठाकुर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कंछेदी लाल पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवेन्द्र पटेल, सुनील कोठारी, डॉ.अनंत दुबे, पूर्व नपा अध्यक्ष महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, डॉ. संजीव चांदोरकर, राजेन्द्र ठाकुर, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक श्रीमती मृगाखी डेका, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और दर्शक मौजूद थे। कार्यक्रम का आभार राजकुमार चौबे द्वारा व्यक्त किया गया एवं कार्यक्रम का संचालन दीपक अग्निहोत्री ने किया।