हिस्ट्रीशीटर ‘बिजली’ और उसका साथी गिरफ्तार : 2.60 लाख का मशरुका बरामद

सिवनी यश भारत:-सिवनी कोतवाली पुलिस ने चोरी और नकबजनी के एक मामले का खुलासा करते हुए शातिर हिस्ट्रीशीटर अफरोज उर्फ मारी उर्फ बिजली को गुरुवार दोपहर गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात सहित कुल 2 लाख 60 हजार रुपये का मशरुका बरामद किया गया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को संजय वार्ड निवासी मनीष कुमार माधूरे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 से 21 अप्रैल के बीच अज्ञात चोर ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और 35 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। मामले में पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने छिंदवाड़ा चौक के पास संदिग्ध अफरोज खान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी नवील खान के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरी का पूरा मशरुका बरामद कर लिया। बरामद सामान में सोने के कंगन, मंगलसूत्र, अंगूठी, लॉकेट, चांदी के कंगन, चेन, अंगूठी एवं नकदी शामिल है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अफरोज ने 20 अप्रैल की रात अपने साथी रेहान खान के साथ मिलकर एक अन्य युवक से शराब के लिए जबरन पैसे मांगते हुए मारपीट की थी। इस मामले में भी उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
अफरोज के खिलाफ पूर्व में कोतवाली थाना में नकबजनी के 12, आर्म्स एक्ट का 1 और मारपीट का 1 मामला दर्ज है, जबकि कान्हीवाड़ा थाना में भी एक प्रकरण दर्ज है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।







