हर्षोल्लास से मनाई गई श्रीकाल भैरव जन्मष्टमी : शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु,देर रात तक हुये धार्मिक कार्यक्रम

सिवनी यश भारत:-जिलेभर में श्रीकाल भैरव जन्मष्टमी बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। वहीं छोटी काशी के नाम से प्रख्यात भगवान श्री कालभैरव की धर्मनगरी आदेगांव में भैरव अष्टमी पर भगवान कालभैरव का जन्मोत्सव श्रद्धाभाव के साथ धूमधाम से मनाया. गया। जन्मोत्सव का यह कार्यक्रम शुक्रवार रात 11-12 बजे से आरंभ होकर शनिवार रात महाआरती तक चलता रहा।
नगर की गढी प्राचीर मंदिर के अंदर विराजमान भगवान श्री कालभैरव का पूजन अर्चन व आरती में भक्तों ने भाग लिया। रात 12 बजे से भगवान श्रीकालभैरव नाथ स्वामी के जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भगवानश्री के जन्मोत्सव पर नगर स्थित गढ़ी मंदिर प्रचीर मंदिर में लगभग चार क्विंटल फूलों के विविध रंगों से सुसज्जित किया गया। नगर सहित आसपास के गांव से हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन लेकर पुण्य लाभ संचित किया। गढी किला के साथ ही नगर ढोल नगाड़ों बैंड की धुनों से गुंजायमान हुआ। मंदिर परिसर में देर रात आतिशबाजी की गई।
भैरवनाथ को लगाया खीर का भोगः-
मंदिर के पुजारियों व भक्तों ने विराजमान भगवान श्री कालभैरव नाथ स्वामी, श्रीगणेश भगवान श्री बटुकभैरव स्वामी, श्री दूधिया भैरव स्वामी शेषनाग महाराज, मां अन्नपूर्णा देवी व भगवान भोलेनाथ के संपूर्ण परिवार का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, पंचामृत आदि से अभिषेक किया।
इसके बाद आकर्षक श्रृंगार कर आरती पूजत किया गया। भगवान श्री को ग्रामवासियों की ओर से खीर का भोग अर्पित किया गया। साथ ही भंडारा, महाप्रसाद भोग का अर्पण कर श्रद्धालुओं वितरण का कार्य भी किया गया। इधर मंदिर परिसर में दिन भर शिव अभिषेक तथा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम गढी प्राचीर में चलता रहा। गौधूली बेला तक गढ़ी प्राचीर से लगातार हो रहे वैदिक मंत्रोपचारों से नगर का संपूर्ण वातावरण धर्म मय बना रहा।
झांकिया रही आकर्षण का केंद्र:- बाहर से आई आदिवासी नृत्यांगना टोली ने रैली में समां बांधे रखा। इस धर्ममय रैली के दौरान झांकियों के अलावा नगर की शैक्षणिक संस्थान से श्रीराम दरबार की आकर्षक झांकी भी रैली में सम्मलित की गई। संध्या कालीन महाआरती के बाद विभिन्न झांकियों के मंडल ने देर रात तक पावन परिसर में भव्य कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। दोपहर एक बजे से भगवान श्री भैरव नाथ की नगर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई।
लगातार पांच घंटे तक चली। शोभा यात्रा में भगवान श्रीकालभैरव नाथ स्वामी के प्रकटोत्सव पर्व पर पालकी यात्रा के साथ, भगवान शिव-पार्वती, भगवान शिव के विविध औपडवानी कलाओं का प्रदर्शन करते आगे बढ़ रहे। सभी झांकियों का नेतृत्व स्थानीय बजरंग अखाडा युवाओं ने किया। इस धार्मिक आयोजन में जिले भर से श्रद्धालु धर्मलाभ लेने पहुंचे।






