सेवा और साहित्य के संगम की मिसाल बनीं डॉ. सुनीता वर्मा, स्त्री रोग विशेषज्ञ की सेवानिवृत्ति पर सम्मान समारोह


कटनी, यशभारत। जिला चिकित्सालय में स्त्री रोग विशेषज्ञ के पद पर लंबे समय तक सेवाएं देने के उपरांत डॉ सुनीता वर्मा के विगत 30 सितंबर को सेवानिवृत होने पर विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व सेवानिवृत्त चिकित्सा अधिकारियों, नागरिकों एवं स्टाफ ने उन्हें बिदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की। डॉ सुनीता वर्मा की शिक्षा दीक्षा रायपुर में हुई। उनकी प्रथम नियुक्ति मार्च 1991 में बालाघाट में हुई, तत्पश्चात वे स्थानांतरण पर कटनी आईं, तब से उन्होंने कटनी में ही महिला रोग विशेषज्ञ के रूप में कार्य करते हुए अपनी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान की। उन्होंने न केवल एक सर्वप्रिय चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं दीं, वरन एक श्रेष्ठ साहित्यकार के रूप में उत्कृष्ट सृजन कर समाज को कालजई मानवीय संवेदनाएं दीं। उनकी छवि एक कर्तव्यनिष्ठ, मिलनसार, सर्वप्रिय महिला चिकित्सक एवं एक उत्कृष्ट साहित्यकार के रूप में अविस्मरणीय रहेगी। सिविल सर्जन डॉ यशवंत वर्मा ने उनकी जीवन यात्रा पर प्रकाश डाला। सीएमएचओ डॉ राज सिंह ठाकुर ने कहा कि डॉ. सुनीता वर्मा अद्वितीय प्रतिभा की धनी थी। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने तन्मयता से स्वास्थ्य सेवाएं दीं। उनकी सेवाओं को कटनी की जनता हमेशा याद रखेगी। पूर्व सीएमएचओ डॉ अशोक चौदहा, पूर्व सिविल सर्जन डॉ के के जैन ने अपने उद्बोधन में डॉ सुनीता वर्मा के व्यक्तित्व और कार्यों पर सारगर्भित प्रकाश डाला। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय स्टाफ एवं उपस्थित नागरिकों ने डॉ सुनीता वर्मा का स्मृति चिन्ह, शाल श्रीफल एवं उपहारों से सम्मान किया एवं गाजेबाजे के साथ जिला चिकित्सालय से विदा किया। कार्यक्रम में डॉ बी बी एस दीक्षित, डॉ शिखर चंद्र जैन, डॉ पी डी सोनी, पूर्व सिविल सर्जन डॉ एस के शर्मा, डॉ अनीता जैन, डॉ ज्योत्सना वाटवे, सिस्टर आर सिंह, सिस्टर उषा मसीह, पवन बजाज, गोपाल पुरवार, सोनू नागवानी, नीरज अग्रवाल के साथ पारिवारिक सदस्य सुयश, दीप्ति, दिलीप, सविता, रिया, जिला चिकित्सालय से डॉ एस पी सोनी, डॉ राजेंद्र ठाकुर, डॉ नरेंद्र झामनानी, डॉ मनीष मिश्रा, डॉ परितोष सोनी, डॉ अतुल द्विवेदी, डॉ आशीष पांडेय, डॉ अभिषेक चौरसिया, डॉ अभिषेक चौदहा, डॉ राम मणि पटेल, डॉ राजीव द्विवेदी, डॉ आरती सौंधिया, डॉ हर्षिता गुप्ता, डॉ सीमा शिवहरे, डॉ श्रद्धा द्विवेदी, डॉ अनुजा सैनी, डॉ चांदनी रिमझा, श्रीमती कमला चौधरी, मंजू गोस्वामी, प्रिया गोखले, आर के रविदास, राहुल झरिया, अंकित क्षत्रिय, पुष्पांजलि त्रिपाठी, आदित्य मिश्रा, अर्चना बेनेडिक्ट, रूबी, हरदा, सीमा पाण्डेय की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आभार सिविल सर्जन डॉ यशवंत वर्मा एवं संचालन डॉ राजेश प्रखर द्वारा किया गया।








