सतना। जिले के कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां ऑक्सीजन सिलेंडर में लीकेज जांच के दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में फार्मासिस्ट संतोष यादव घायल हो गए, जबकि अन्य मरीज और स्टाफ सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
कैसे हुआ हादसा
अस्पताल में उपयोग किए जा चुके सिलेंडर रिफिलिंग के लिए भेजे जाने थे। इसी दौरान संतोष यादव ने एक सिलेंडर में लीकेज देखा और जांच शुरू की। अचानक सिलेंडर फट गया और उनके हाथ में चोट लग गई।
बड़ा हादसा टल गया
धमाका सीमित दायरे तक ही रहा, वरना भारी जनहानि हो सकती थी। घायल फार्मासिस्ट को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
कोठी स्वास्थ्य केंद्र की बीएमओ *डॉ. अल्का माहुले ने बताया कि सभी मरीज और स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि घटना का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया है और इसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Back to top button