सड़क हादसा निकला मर्डर : दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

दमोह। सागर-दमोह रोड पर शासकीय नर्सरी के सामने हुई भाजपा नेता देवेंद्र सिंह राजपूत की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक तौर पर सड़क दुर्घटना लग रही यह घटना अब सुनियोजित हत्या साबित हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो वाहन से जानबूझकर कुचलकर देवेंद्र सिंह राजपूत की हत्या की गई थी।
पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 को मोटरसाइकिल चालक देवेंद्र सिंह राजपूत पिता गजराज सिंह राजपूत (42 वर्ष), निवासी ग्राम बरमासा थाना दमोह देहात की मौत की सूचना मिली थी। घटना स्थल संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और तत्काल सागर से एफएसएल टीम बुलाकर वैज्ञानिक जांच कराई गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के भौतिक साक्ष्य, चश्मदीद गवाहों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपी वैभव सिंह राजपूत, विशाल सिंह राजपूत और अभिषेक सिंह राजपूत, सभी निवासी बरमासा, ने स्कॉर्पियो क्रमांक MP-04-SJ-0999 से जानबूझकर टक्कर मारकर देवेंद्र सिंह राजपूत की हत्या की।
पुलिस ने मामले में वैभव सिंह राजपूत और विशाल सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया गया है। तीसरे आरोपी अभिषेक सिंह राजपूत की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों और मृतक के बीच पूर्व से सरपंची चुनाव एवं पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।







