देश

संकट कटै मिटै सब पीरा, जो सुमिरै हनुमत बलवीरा…हनुमान जन्मोत्सव पर जिले भर में कायक्रमों की धूम, निकली प्रभात फेरी

कटनी, यशभारत। मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम के अनन्य भक्त मारूतिनंदन पवनपुत्र हनुमान जी का जन्मोत्सव आज शहर के साथ ही समूचे जिले में अपार उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के बीच मनाया जा रहा है। इस अवसर पर कल से ही हनुमान मंदिरों में विविध धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया था। वाहन रैली के साथ ही अखंड रामायण पाठ भी आयोजित किया गया।
श्री हनुमान जन्मोत्सव को लेकर जिले भर में जबरदस्त उत्साह है। आज सुबह से ही हनुमान मंदिरो में पूजन अर्चन का दौर जारी है। शहर में तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरूआत कल शाम को विशाल वाहन रैली के साथ की गई। शहर के सिद्ध पीठ श्री श्री 1008 दक्षिणी मुखी बड़े हनुमान जी मंदिर कमानिया गेट से विशाल वाहन रैली की शुरुआत हुई। जो सराफा चौक, झंडा बाजार, सुभाष चौक, थाना तिराहा, मिशन चौक, आजाद चौक, जगन्नाथ चौक, घंटाघर, खिरहनी ओवर ब्रिज, बरही रोड, सिटीमाल, गणेश चौक होते हुए शहर भर में रैली ने भ्रमण किया। शहरवासियों द्वारा जगह-जगह फूल बरसाकर रैली का स्वागत किया। रैली में युवकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए गए। सुरक्षा की दृष्टि से जगह-जगह पुलिस तैनात रही। विशाल वाहन रैली में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। हाथों में भगवा ध्वज लेकर जय श्रीराम का जयकारा लगाते भक्तों ने नगर भ्रमण किया। निकाली गईं वाहन रैली में हनुमान जयंती उत्सव का उत्साह भक्तों में दिखाई दिया। श्री श्री 1008 दक्षिणी मुखी बड़े हनुमान जी मंदिर आनंद महाराज के सानिध्य में रैली का आयोजन किया। आज शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव पर विशाल प्रभात फेरी भव्य शोभायात्रा प्रात: 6 बजे से नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। शोभायात्रा में मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम एवं हनुमान जी की आकर्षक झांकी भी शमिल रही। नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा वापस दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर वापस पहुंचकर समाप्त हुई, जहां प्रात: महाआरती के साथ बड़ी संख्या में जुटे भक्तों द्वारा हनुमानजी महाराज का पूजन अर्चन किया गया।

अन्य हनुमान मंदिरों में भी अनुष्ठान

शहर के अन्य हनुमान मंदिरों में कल रात्रि से ही अखंड मानस पाठ, हनुमान चालीसा, भजन कीर्तन हवन भंडारा का आयोजन चल रहा है। कुठला स्थित श्री बाल हनुमान मंदिर में कल रात्रि भजन कीर्तन के साथ राम चरित्र मानस का पाठ भक्तों द्वारा किया गया आज सुबह से मंदिर में हवन पूजन के साथ कन्या भोज प्रसाद वितरण किया गया।

पठरा धाम में विविध आयोजन

हनुमानजी के प्रकटोत्सव पर बड़वारा मार्ग पर स्थित पठरा गांव में हनुमानजी के मंदिर में विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। युवा समाजसेवी लकी श्याम सचदेवा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सुबह 11 बजे महाआरती हुई। महाआरती में बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल हुए। हनुमान चालीसा के पाठ में क्षेत्र के लोगों ने हिस्सा लिया। 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन शुरू हुआ। भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने दूरदराज से बडी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी था। लकी श्याम सचदेवा ने समस्त धर्मप्रिय नागरिकों का स्वागत करते हुए इस पुण्य कार्य में भागीदार बनने के लिए आभार व्यक्त किया।

रंगनाथ हनुमान मंदिर में सुबह से रही जन्मोत्सव की धूम

श्री हनुमंत लाल जी का प्राकट्य उत्सव रंगनाथ हनुमान मंदिर में मनाया गया। कार्यक्रम में मंदिर के मठाधिपति स्वामी इंदिरा रमण महाराज जी का मंगल सानिध्य प्राप्त हुआ। स्वामी जी के मार्गदर्शन में श्री गरुड़ध्वज वैदिक पाठशाला के आचार्य एवं विद्यार्थियों के द्वारा प्रात: 6.30 बजे भगवान प्रभु श्री हनुमंत लाल जी का अभिषेक पूजन किया गया। आरती के बाद 8.30 बजे से श्री श्यामा श्याम रामायण भजन मंडल मंगल नगर की मंडली के द्वारा संगीतमयश्री सुंदरकांड श्री हनुमान चालीसा एवं बधाई भजन की प्रस्तुति दी गई। 12.30 वजे महाआरती के बाद 1 से 3 बजे तक प्रसाद वितरण किया गया। वैदिक शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष पंडित रामाधार गौतम ने बताया कि कार्यक्रम के संयोजक गणेशदत्त मिश्रा, के के शर्मा, भगवानदास माहेश्वरी, रमेश शुक्ला, सतेन्द्र शुक्ला, मधु गट्टानी, अजय खंडेलवाल, विनोद सेठिया, रामकरण दुबे, डॉ आरके पाठक, संजय खंडेलवाल, श्रवण बजाज, संपत गट्टानी, लल्लू लाल गुप्ता, रामेश्वर तिवारी, राकेश द्विवेदी, सरमन तिवारी, सियाराम परौहा, राजेंद्र गर्ग, के एल श्रीवास्तव, वेंकट गट्टानी, राजेंद्र सिंह, सुशील पांडे, हेमन्त मिश्रा आदि का सहयोग रहा।

लक्ष्मीनारायण मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ
शेर चौक स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में हनुमान जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठ में भक्तजनों ने पहुंचकर पवनसुत हनुमान की स्तुति की। आयोजन में भविष्य उसरेटे, आलोक पुरवार, राजा हाके, रामकुमार सोनी आदि का सहयोग रहा। प्रसाद पाने बड़ी संख्या में भक्तजन पहुंचे।

विशाल वाहन रैली का स्वागत
हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर श्री दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर द्वारा निकाली गई भव्य वाहन रैली का जगन्नाथ चौक पहुंचने जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट कमेटी द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया एवं शीतल पेय वितरित किया गया। श्री जगदीश स्वामी मंदिर ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद सरावगी, रथ यात्रा प्रभारी विजय ठाकुर, सचिव शिवकुमार सोनी पुजारी पंडित चंद्रिका प्रसाद दुबे, पुजारी उमेश दुबे, शिशिर टुड़हा, नरेश ताम्रकार, राजेश तिवारी, विपिन दुबे, संजय गिरी, मुन्ना ताम्रकार, विजय पटेल, राजेश पटेल, मनीष शर्मा, रेशु टुड़हा, भारत गुप्ता उपस्थित रहे।IMG 20250412 WA1674

IMG 20250412 WA1213 IMG 20250412 WA0791 IMG 20250412 WA1649 IMG 20250412 WA1611 IMG 20250412 WA1214 IMG 20250412 WA1212

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button