रीवा l सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में सब कुछ ठीक चल रहा था। सभी अपने काम में लगे हुए थे। तभी हल्ला मचा कि कोई युवती छत की दीवार पर बैठी है और नीचे कूदने वाली है। इतना सुनते ही सभी के हाथ पैर फूल गए। सुरक्षाकर्मी और स्टाफ छत पर पहुंचा। युवती फोन पर किसी से बात कर रही थी। वह किसी को धमकी दे रही थी कि ऐसा नहीं किया तो वह नीचे कूद जाएगी। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने युवती को समझाने की कोशिश की। नीचे उतरने की बात कही लेकिन युवती ने उन्हें धमकी दी कि पास आए तो वह नीचे कूद जाएगी। इतना सुनते ही सभी के पैर एक जगह पर ही जम गए। फिर सुरक्षाकर्मियों और फायर स्टाफ ने युवती का ध्यान भटकराने की कोशिश की। तभी पीछे से एक सुरक्षाकर्मी लाखन यादव उसे नजर बचा कर पकडऩे के लिए गया। टंकी के पीछे से छुपते हुए किसी तरह युवती के पास पहुंचा और उसे धरदबोचा। युवती को पकडऩे के बाद उसे नीचे खींच लिया गया। तब तक सभी लोग वहां पहुंच गए। महिला सुरक्षाकर्मी रानी पासी ने भी साहस दिखाया और युवती को खींचते हुए दूर तक लाई। इसके बाद युवती को उठाकर सभी नीचे ले गए। तब तक पुलिस भी पहुंच गई थी। युवती की जांच के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
युवती का कोई रिश्तेदार सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती है। उसे ही युवती देखने पहुंची थी। वार्ड से वह सीधे फोन पर बात करते हुए छत पर पहुंच गई थी। युवती की मां भी संजय गाध्ंाी अस्पताल में ही काम करती है। वह आउटसोर्स में हाउसकीपिंग का काम करती है।
मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा था। युवती फोन पर किसी युवक से बात कर रही थी। वह शादी के लिए दबाव बना रही थी। फोन पर धमकी दे रही थी कि यदि वह उससे शादी के लिए हां नहीं करेगा तो छत से कूद जाएगी।
Back to top button