शराब की कलारी का विरोध कर रहे ग्रामीणों पर चढ़ाई बोलेरो, स्लीमनाबाद के संसारपुर में ठेकेदार की दबंगई, कई लोगों को आई चोटें, हंगामे के बाद पहुंची पुलिस


कटनी, यश भारत। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम संसारपुर में अवैध रूप से चल रही शराब की कलारी का विरोध कर रहे ग्रामीणों पर ठेकेदार की कार ने गाड़ी चढ़ा दी। मंगलवार की रात हुई इस घटना के बाद हंगामा खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि संसारपुर में लंबे समय से चल रही शराब की पैकारी का ग्रामीण विरोध कर रहे थे। इसी बीच ठेकेदार मंचू असाटी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुँचा। ग्रामीणों का आरोप है कि विवाद के दौरान ठेकेदार ने कार चढ़ाकर कई ग्रामीणों को घायल कर दिया। अचानक मची भगदड़ में लोग जान बचाकर इधर-उधर भागे। घटना के समय जिस कार का उपयोग किया गया उसमें देसी शराब की पेटियाँ भी भरी हुई थीं, जिन्हें ग्रामीणों के अनुसार पैकारी के जरिए आसपास के गाँवों में बेचा जाता है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि शराब की अवैध बिक्री को लेकर वे कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की नाक के नीचे खुलेआम पैकारी का धंधा फल-फूल रहा है और ठेकेदार की दबंगई लगातार बढ़ती जा रही है।
सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। स्लीमनाबाद टीआई अखलेश दाहिया ने बताया कि मामले की जांच करते हुए एफआईआर दर्ज की जा रही है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक शराब ठेकेदार मंचू असाटी और उसके गुर्गों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।
ग्रामीणों की मांग है कि आरोपी ठेकेदार को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और गाँव-गाँव फैली पैकारी पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।







