विभु….तुम हमेशा जिंदा रहोगे… : नम आंखों से बेटे को दी अंतिम विदाई
बरगी विधायक संजय यादव के पुत्र की शव यात्रा में हजारों की संख्या में शामिल लोग


जबलपुर, यशभारत। विभु….तुम हमेशा जिंदा रहोगे… तुम अपना नश्वर शरीर छोड़कर जा रहे हो लेकिन सभी के दिलों में हमेशा जिंदा रहोगे। यह गमगीन नजारा था बरगी विधायक संजय यादव के पुत्र की अंतिम शव यात्रा का। घर का प्रत्येक सदस्य बदहवास था, सभी के आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे। विधायक संंजय यादव और उनकी पत्नी सीमा को आसपास के लोग परिचित संभालकर सांत्वना दे रहे थे। विभु के बड़े भाई समर्थ का रो-रो कर बुरा हाल था। छोटा भाई इस तरह छोड़कर चला जाएगा सोचा नहीं था। बार-बार वह छोटे भाई विभु को पुकार रहा था। विभु की अंतिम यात्रा को मुक्तिधाम ले जाने लगे तो मां सीमा उसके पार्थिव शरीर से लिपटकर रोने लगी। मां को अभी तक भरोसा नहीं हो रहा था कि उसका हंसता-खेलता बेटा उससे दूर जा चुका है। अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। शव यात्रा हाथीताल से घाना तिलवारा पहुंची विभु को अंतिम संस्कार किया गया।
मां बदहवास, पिता का बुरा हाल, भाई के नहीं रूके आंसू
विधायक के निवास स्थान हाथीताल से सुबह बेटे विभु की अंतिम यात्रा जैसे ही घर से निकली उस समय चीख-पुकार शुरू हो गई। बेटे को अंतिम बार देख रही मां सीमा बार-बार बेहोश हो रही थी, पिता संजय यादव के आंसू थम नहीं रहे थे। बड़े भाई समर्थ को भरोसा नहीं हो रहा था कि उसका छोटा भाई अब इस दुनिया में नहीं है उसका रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम यात्रा में शामिल हुए लोगों की आंखें भी नम थी।