लव मैरिज के बाद थाने में फैमिली ड्रामा:युवक-युवती ने भाग कर शादी की, जानकारी देने थाने पहुंचे; दोनों के परिजन आए तो चले लात-घूंसे

सागर जिले में लव मैरिज के बाद थाने के सामने फैमिली ड्रामा शुरू हो गया। युवक-युवती ने करीब एक महीने पहले घर से भागकर शादी की थी। दोनों शनिवार को लौटे और शादी की सूचना देने थाने पहुंचे। इसी दौरान उनके परिवार वाले भी थाने आ गए। थोड़ी देर बाद युवती के परिवार वाले उसको पकड़कर पीटने लगे। यह देख युवती के सुसराल पक्ष के लोग उसे बचाने के लिए आगे आए। दोनों पक्षों में भी मारपीट हुई। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पुलिस को इस दौरान 22 साल से फरार वारंटी मिल गया। वह भी इस विवाद में शामिल था।
मामला सागर जिले के रहली थाने के सामने का है। घटना दो दिन पुरानी है। इसका वीडियो अब सामने आया है। पंडलपुर निवासी युवक का अपने रिश्तेदार की बेटी से अफेयर था। एक महीने पहले दोनों ने घर से भाग कर शादी कर ली। युवती के परिवार वालों ने थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस को शादी की जानकारी देने लौटे
युवक और युवती शनिवार को रहली लौटे और शादी की जानकारी देने थाने पहुंचे। इसकी खबर के बाद युवक और युवती के परिवार वाले भी थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच थाना परिसर में कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया। युवती के परिवार वाले उसे साथ ले जाने पर अड़ गए। मना करने पर उसकी पिटाई शुरू कर दी। फिर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। पुलिस ने मशक्कत कर दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया।
रहली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने बताया घर से भागे युवक-युवती ने शादी की थी। इसी बात को लेकर दोनों के परिवार वालों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत नहीं की है। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं।
विवाद के दौरान 22 साल से फरार वारंटी पकड़ाया
विवाद के दौरान रहली पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा के मामले में 22 साल से फरार वारंटी प्रकाश लडिया को पकड़ा है। वह विवाद के दौरान शामिल था। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रकाश लडिया निवासी पंडलपुर 1999 में दर्ज शासकीय कार्य में बाधा के मामले में फरार था। इसके अलावा वन विभाग के एक मामले में 1997 से फरार चल रहा था, जिसे गिरफ्तार कर कोर्ट पेश किया गया है।