दमोह। जिले में ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने रैन बसेरों की व्यवस्थाओं को और मजबूत कर दिया है। हाल ही में दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने शहर के बस स्टैंड क्षेत्र और जिला चिकित्सालय स्थित रैन बसेरा का औचक निरीक्षण किया था, जिसमें कई अनियमितताएँ पाई गई थीं। कलेक्टर ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए थे और जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी थी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि नगर पालिका द्वारा संचालित जिला अस्पताल परिसर एवं बस स्टैंड स्थित दोनों रैन बसेरों में व्यवस्थाएँ अब पूर्ण रूप से सुचारू कर दी गई हैं।
दोनों रैन बसेरों पर 24 घंटे नगर पालिका के कर्मचारी तैनात रहते हैं, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।
सीएमओ ठाकुर ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में असहाय लोग और यात्री रैन बसेरों में ठहरने पहुँच रहे हैं। उनके लिए गर्म बिस्तर, पीने का पानी, साफ सफ़ाई और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।
निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं के बाद नगर पालिका ने सख्त कदम उठाते हुए संचालन में लापरवाही बरतने वाले एक कर्मचारी की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी है।
सीएमओ ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।निगरानी दल लगातार रैन बसेरों का निरीक्षण कर रहा है।
Back to top button