रांझी में बारात लेकर गए दूल्हे के घर चोरों का धाबा : 5 लाख की नगदी, 5 लाख के सोने-चाँदी के जेवरात ले उड़े चोर

जबलपुर, यशभारत। रांझी के बड़ा पत्थर में सोमवार की दरमियानी रात बारात लेकर गए दूल्हे के घर में चोरों ने धाबा बोलकर, छत की खिड़की तोड़ी और लॉकर क्रेक कर नगदी और जेवरात समेत करीब 10 लाख की चोरी की वारदात को अंजाम देकर, रफूचक्कर हो गए। सुबह जब बारात पहुंची तो नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। जिसके बाद तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने मामले की छानबीन शुरु करते हुए सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर एक आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया है, जिससे पूछताछ जारी है।
जानकारी अनुसार बड़ा पत्थर रांझी निवासी सुनील हरदहा की सोमवार को शादी थी। जिसके बाद वह अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ बारात लेकर आईटीआई मानपुर गए हुए थे। तो वहीं सूना घर पाकर चोरों ने धाबा बोल दिया।
बगल के छत से चढ़कर की चोरी
जानकारी अनुसार सुनील के घर के पास स्थित घर की छत से चढ़कर चोर दबे पांव सुनील की छत में पहुंचे और खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए। जिसके बाद अलमारी का लॉक क्रेक कर, नगदी और जेवरातों पर हाथ साफ कर उड़ गए।
सीसीटीव्ही में कै द हुए शातिर चोर
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी सीसीटीव्ही में कैद हो चुके है। जल्द ही उनतक पहुंचकर चोरी का माल जब्त किया जाएगा। वहीं बताया जाता है कि पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया है। जिससे पूछताछ जारी है।