रंगों में तर- बतर हुआ शहर, चप्पे चप्पे पर पुलिस की मौजूदगी से शांतिपूर्ण रहा पहला दिन, होली और जुमे की नमाज के संगम से कटनी में देखने मिली कौमी एकता की मिसाल

कटनी, यशभारत। जिले में आज शुक्रवार को रंगों का त्योहार होली बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। फाल्गुन माह की पूर्णिमा को मनाए जाने वाले इस त्योहार पर शहर, नुक्कड़ और गली में ‘बुरा न मानो होली है’ की गूंज सुनाई देती रही। सभी लोग टोलियां बनाकर सड़कों पर रंग लेकर एक दूसरे को रंगते नजर आए। इसके साथ ही ढोल की धुनों और तेज संगीत पर नाचते लोग अपने तरीके से ही होली का जश्न मनाते नजर आए। होली पर क्या बच्चे और जवान सभी एक ही रंग में नजर आ रहे थे। भाईचारे के प्रतीक होली पर गिले-शिकवे भूलाकर लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया। कहीं लोग मीठे पकवानों का आनंद उठा रहे थे, तो कहीं पर पानी की बौछारें सर्दी जाने और गर्मी के आने का संकेत दे रही थीं।
होलिका के राख से एक-दूसरे को लगाया तिलक
होली की पूर्व संध्या गुरुवार को शहर समेत अन्य प्रखंडों में लोग होलिका दहन के समय लकड़ियों से बनाई गई होलिका के आस पास इकट्ठा हुए। देर शाम होलिका की आग में गेहूं व चने की बाले भूनकर खाने की परम्परा भी निभाई गई। ग्रामीण इलाकों में युवकों ने अपने-अपने गांव की सीमा के बाहर मशाल जलाकर रास्ता रोशन किया। मान्यता है कि ऐसा करने से वे अपने गांव से दुर्भाग्य और संकटों को दूर भगाते हैं। होलिका के जलते ही ग्रामीण इलाकों में लोक-पारंपरिक गीतों के साथ गांव के बुजुर्गों ने ताल ठोकी। एक से बढकर एक लोकधुनों के साथ होली के गीत गाए गए। उसके बाद होलिका की राख से एक-दूसरे को तिलक लगाया और बधाई दी।
ढोल व मजीरे की थाप पर झूमते हुए मनाई होली
रंगों का पर्व होली पर सुबह से ही ढोल मजीरे की थाप पर फाग गाते हुए युवाओं की टोली क्षेत्र में भ्रमण पर निकल गई। मित्रों व चाहने वालों को रंग में सराबोर कर सभी ने खूब लुत्फ उठाया। होली पर बच्चों सहित बुजुर्गों का उल्लास देखते ही बन रहा था। नीला पीला हरा गुलाबी कच्चा पक्का रंग से रंगे नागरिक गले मिलकर एक दूसरे को बधाईयां दीं। रंगों के इस अनूठे पर्व को मनाने में महिलाएं व बच्चियां भी पीछे नहीं दिखीं। महिलाएं भी ग्रुप बनाकर होली खेलीं। कई मोहल्लों में तो उत्साही युवाओं की टोलियांं द्वारा डीजे की धुन पर थिरकते हुए होली मनाई गई। लोगों ने आपसी भाईचारे के साथ ही इस त्योहार पर एक दूसरे को अबीर गुलाल लगा कर मनाई। सुबह से देर शाम तक लोग होली के रंगों में रंगे रहे। और होली खेले रघुवीरा अवध में होली खेले रघुवीरा… पारंपरिक गीत की आवाज गूंजती रही। उत्साह उमंग के त्योहार के मौके पर पूरा जिला डूबा रहा।
जुमे की नमाज और होली का संगम, कौमी एकता की मिसाल
मुस्लिम धर्मावलंबियों के पाक रमजान माह के चलते आज जुमे की नमाज भी अदा कराई गई। होली के बीच विशेष नमाज से कौमी एकता का अनुपम उदाहरण शहर में देखने मिला। मिशन चौक नगीना मस्जिद के आसपास नमाज के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन ने कल ही पुलिस कर्मियों को चप्पे चप्पे पर नजर रखने के निर्देश दिए थे जिसके चलते चौराहे तिराहे पर पुलिस कर्मी मुस्तैद रहे। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक शहर में किसी बड़ी वारदात की कोई खबर नहीं है। युवाओं के समूहों के बीच हुए छुटपुट विवाद पुलिस ने समझाइश देकर निपटा लिए। कुल मिलाकर होली का पहला दिन आज शांति और सद्भाव से गुजर रहा है। कल भी जिले में होली खेली जाएगी।




