दमोह। जिले के नोहटा थाना अंतर्गत ग्राम सेमरा मढ़िया में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एफएसएल एवं डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात ग्रामीणों ने छत्रपाल उर्फ छतु पिता सुख सिंह (21 वर्ष) निवासी ग्राम सेमरा मढ़िया का शव गांव की सड़क किनारे पड़ा हुआ देखा। मृतक के गले पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर चोट के निशान पाए गए, वहीं शरीर पर खून लगा हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही नोहटा थाना पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।
Back to top button