यशभारत ब्रेकिंग : बीमारी ने मचाया ऐसा तांडव कि सिर्फ दो दिनों में 5 लोगों की मौत से हाहाकार, मौतों के बाद हरकत में आया प्रशासन

कटनी/पवई, यशभारत। जनपद पंचायत पवई के ग्राम बम्होरी में बीमारी ने ऐसा तांडव मचाया कि सिर्फ दो दिनों में 5 लोगों की मौत हो गई। जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। हैरानी की बात यह है कि ग्रामीण 7 दिनों से लगातार बीमार पड़ रहे थे लेकिन स्वास्थ्य अमला आंख मूंदे बैठा रहा। गांव में इस वक्त 40 से 50 लोग बीमारी की चपेट में बताए जा रहे हैं। केवल पिछले तीन दिनों में ही करीब 25 से 30 लोग अचानक बीमार पड़े। हालात बिगडऩे के बाद गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम बम्होरी पहुंची। सीएमएचओ पन्ना डॉ राजेश तिवारी स्वयं मौके पर पहुंचे और घर-घर जाकर सैंपल लिए, साथ ही बीमारों को दवाइयां उपलब्ध कराई। जिन लोगों की बीमारी से मौत हुई, उसमे सेवक 32 वर्ष, राधाबाई 30 वर्ष, कंछेदी 45 वर्ष, मंसो 16 वर्ष और मुन्नीबाई 60 वर्ष शामिल है। ग्रामवासियों का कहना है कि वे 7 दिनों से बीमारी से जूझ रहे थे लेकिन न तो बीएमओ और न ही स्थानीय स्वास्थ्य अमले ने सुध ली। अब जब मौतें हो चुकी हैं, तब प्रशासन हरकत में आया है। बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतने दिनों तक जिम्मेदार अधिकारियों को भनक क्यों नहीं लगी। याद दिला दें कि पिछले वर्ष सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई के अंतर्गत ग्राम पटोरी में उल्टी-दस्त के कारण सात मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद विभाग नहीं चेता और अब बम्होरी में दो दिन के भीतर पाँच लोगों की मौत ने स्वास्थ्य अमले की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामवासियों का साफ कहना है कि अगर समय रहते ध्यान दिया जाता तो इन मौतों को रोका जा सकता था। विभाग की लापरवाही ने पांच परिवारों को अपनों से छीन लिया। फिलहाल टीम गांव में डेरा डाले हुए है और बीमारी के फैलाव को रोकने के लिए जांच और उपचार का काम कर रही है। ग्रामीण कैलाश विश्वकर्मा का कहना है। गांव में 15 दिन से उल्टी दस्त का प्रकोप फैला है। गांव में 15 दिन से उल्टी दस्त का प्रकोप है। इस दौरान एक दर्जन से ज्यादा लोग बीमार हुए गांव की नजदीक अस्पताल में डॉक्टर नहीं है। पीडि़तों को मजबूरी में नीम हकीमों से इलाज करना पड़ रहा है। चिकित्सा सुविधाओं के अभाव के चलते उल्टी दस्त से पीड़ित पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य महकमा में कर्मियों खामियों की बजाय पर्दा डालने में जुटा हुआ है और मौते के आंकड़े छिपा रहा है। बीएमओ प्रशांत भदोरिया का कहना है की 2 लोगों की मौत उल्टी दस्त से हुई है और 3 लोगों की मौत क्षय रोग से हुई है।









