कटनीजबलपुरमध्य प्रदेश

यशभारत की विशेष कव्हरेज : भारत के उत्कर्ष का कटनी भी बना साक्षी  हर गली-हर बस्ती में राम नाम की गूंज

आशीष सोनी/आशीष रैकवार

IMG 20240122 131136

 

कटनी, यशभारत। अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर आज शहर राममय नजर आया। घरों से लेकर मंदिरों में विविध कार्यक्रम हुए। हर कोई राम भक्ति में लीन नजर आया। सुबह से ही रामधुन के साथ ही भजनों की प्रस्तुति होती रही। राम मंदिरों में सुबह 8 बजे से ही भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना एवं आरती की गई और इसके उपरांत हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया गया। इसके उपरांत प्रसाद वितरित किया गया। शहर के कई स्थानों पर एलईडी स्क्रीन एवं टीव्ही के जरिए प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का सीधा प्रसारण किया गया। इसी के साथ घर-घर दीप जलाकर मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम की स्तुति की गई। इस मौके पर मंदिरों में आकर्षक साज-सज्जा की गई। लोगों ने दीपावली की तरह घर आंगन को सजाया। राम की भक्ति में जनमानस डूबता उतराता दिखलाई पड़ा।

कटाएघाट मोड़ हनुमान मंदिर में 1100 लोग कर रहे सुंदरकांड का पाठ

अयोध्या में भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर कटाएघाट मोड़ स्थित हनुमान मंदिर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इस मौके पर मंदिर में आकर्षक साज सज्जा की गई है। जानकारी के मुताबिक मेन रोड स्थित हनुमान मंंदिर से आज दोपहर भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है, जिसका समापन कटाएघाट मोड़ स्थित हनुमान मंदिर में अपरान्ह होगा, इसके उपरांत शाम 5 बजे से 1100 लोगों द्वारा सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। रात 8 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।

हनुमान मंदिर से निकली प्रभात फेरी

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के बीच स्थानीय दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में सुबह 7 बजे सुंदर कांड का पाठ एवं सुबह 8 बजे प्रभात फेरी निकाली गई, इसके उपरांत सुबह 10 से 12 बजे तक श्रीराम जी का अभिषेक किया गया तथा भक्तों द्वारा राम रक्षा स्त्रोत का पाठ किया गया। दोपहर 12 बजे से हवन के उपरांत 1 बजे भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमे बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के प्रमुख पुजारी आनंद महाराज ने बताया कि शाम साढ़े 8 बजे भव्य पंच महाआरती होगी। सभी राम एवं हनुमान भक्तों से पुण्यलाभ अर्जित करने उपस्थिति की अपील की गई है।

जगन्नाथ मंदिर में 11 हजार 111 दीपों से सजावट

अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट कमेटी द्वारा सुबह 7 बजे संगीतमय सुंदरकाण्ड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 11 हजार 111 दीपों से मंदिर की सजावट की गई। 8 बजे महाआरती व इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। सायं 5 बजे से मंदिर में महिलाओं द्वारा भजनों की सुंदर प्रस्तुति की जाएगी।

1100 दीप जलाकर मनाई जाएंगी खुशियां

्रआजाद चौक गाटरघाट रोड स्थित आदिशक्ति दुर्गा मंदिर में श्री बजरंग उत्सव समिति कटनी द्वारा एलईडी टीव्ही लगाकर अयोध्या में भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का सीधा प्रसारण किया गया। इसके उपरात शाम को 1100 दीप जलाकर खुशियां मनाई जाएंगी यहां विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है।

गायत्री नगर राममंदिर में आकर्षक साज सज्जा

अयोध्या में भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर गायत्री नगर स्थित राम मंदिर में आज सुबह से ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह भगवान श्री राम का आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिरों को रंगोली एवं गुब्बारों से सजाया गया है। शाम को यहां खिचड़ी का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षक संजय श्रीवास्तव, विनय दीक्षित, गोपू ठाकुर, पवन विश्वकर्मा, मनीष गुप्ता, इशांक साहनी, ईशानी विश्वकर्मा, पूर्वांशी विश्वकर्मा, कान्हा मौय, राजू विश्वकर्मा, अनुज गुप्ता, बंटू मौर्य, सुदामा प्रसाद गुप्ता, रमेश विश्वकर्मा आदि की उपस्थिति रही। इसी कड़ी में अयोध्या में भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर एसीसी स्थित दुर्गा मंदिर में आज शाम 7 बजे से आतिशबाजी के बीच 1001 दीपों को जलाकर खुशियां मनाई जाएंगी।

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Icon Join Youtube Channel