मंडला lजिले में कुछ दिनों से मौसम में हो रहे लगातार बदलाव का सीधा असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर दिख रहा है। जिले में अचानक बढ़ी सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत के कारण अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंडला जिला अस्पताल की ओपीडी (आउट पेशंट डिपार्टमेंट) में रोजाना औसतन 800 से 900 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों की संख्या भी काफी अधिक है।
सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित लगभग 150 से ज्यादा बच्चे रोज अस्पताल आ रहे हैं। इस बढ़ते दबाव के कारण शिशु वार्ड में भी क्षमता से अधिक बच्चों को भर्ती करना पड़ रहा है। अगस्त के शुरुआती दो हफ्तों में तेज धूप और उमस के बाद अचानक शुरू हुई बारिश ने मौसम में बदलाव ला दिया है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ गई हैं। बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) कम होने के कारण वे मौसमी बीमारियों की चपेट में जल्दी आ रहे हैं। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे ने बताया कि यह मौसमी बीमारियों का समय है। दो-तीन महीने वायरल इंफेक्शन का चरम (पीक) सीजन होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में आने वाले ज्यादातर मरीज वायरल फीवर के हैं, जबकि मलेरिया के मामले बहुत कम हैं।
Back to top button