
स्मार्टफोन पर सबसे ज्यादा वक्त बिताने के मामले में भारत चौथे नंबर पर पहुंच गया है। मोबाइल ऐप एनालिस्ट कंपनी ऐप एनी की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक रोजाना 5.5 घंटे के साथ इंडोनेशिया पहले नंबर पर, 5.4 घंटे के साथ ब्राजील दूसरे नंबर पर, 5 घंटे के साथ दक्षिण कोरिया तीसरे नंबर पर, 4.8 घंटे के साथ भारत चौथे नंबर पर और 4.8 घंटे के साथ मैक्सिको पांचवें नंबर पर है।
आंकड़ों को देखकर साफ है कि भारतीय यूजर्स हर रोज 24 घंटे में से 4.8 घंटे मोबाइल पर बिता रहे हैं। पिछले साल की पहली तिमाही में यह समय 4 घंटे का था। इसमें सबसे ज्यादा यूजर्स गेमिंग वाले हैं। इसके अलावा फिनटेक और क्रिप्टो ऐप्स भी भारत में काफी पॉपुलर हो रहे हैं।
डाउनलोडिंग में भी 28% का इजाफा
ऐप एनी ने 2021 की तीसरी तिमाही की रिपोर्ट जारी की है। भारत में कुल ऐप्स की डाउनलोडिंग में भी 28% का इजाफा देखने को मिला है जिसके बाद डाउनलोड हुए कुल ऐप्स की संख्या 24 हजार करोड़ पहुंच गई है। भारत मोबाइल गेमिंग के लिहाज से दुनिया का सबसे बड़ा मार्केट है। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रत्येक पांचवां मोबाइल गेम ऐप भारत में ही डाउनलोड होता है।
सबसे सस्ता इंटरनेट डेटा भारत में
दुनिया में सबसे सस्ता इंटरनेट डेटा भारत में है, जबकि सबसे महंगा डेटा अफ्रीकी देश सेंट हेलेना में है। भारत में 1GB डेटा के लिए औसतन 7 रुपए चुकाने पड़ते हैं, जबकि सेंट हेलेना में यह खर्च 38,000 रुपए है । पाकिस्तान में यह भारत से 7 गुना महंगा है।