देश

मुस्लिम क्षेत्रों में वक्फ के नए कानून के फायदे गिनाएगी भाजपा, कल भाजपा कार्यालय में अहम बैठक, बनेगी कार्ययोजना

वर्कशॉप में नए कानून के प्रमुख फीचर्स की होगी ब्रांडिंग

कटनी, यशभारत। जिला, ब्लॉक और गांव-कस्बों के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में भाजपा अब वक्फ के नए कानून को लेकर जन-जागरण अभियान शुरू करेगी। वक्फ के संदर्भ में फैलाए गए भ्रम को दूर कर कानून से होने वाले वाले फायदे गिनाए जाएंगे। पार्टी के मुस्लिम नेता और अल्प संख्यक प्रकोष्ठ सहित अन्य पदाधिकारियों को यह जवाबदारी सौंपी गई है। मुस्लिमों के बीच जाकर यह समझाया जाएगा कि उन्हें स्वार्थी तत्व इस कानून के नाम पर बिलावजह डरा रहे हैं। नए कानून के बाद वक्फ बोर्ड की आमदनी बढ़ेगी जिसका लाभ असल हकदारों को मिलेगा।

हाल ही में पार्टी मुख्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष -महामंत्री ने इस मुद्दे पर जन-जागरण करने की कार्ययोजना पर चर्चा की थी। प्रदेश स्तरीय वर्कशॉप में इस अभियान के दौरान प्रमुख बिंदुओं को हाईलाइट करने का निर्णय लिया गया। अब जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित कर हर जिले में जन-जागरण का कार्यक्रम बनाया जा रहा है।

15 हजार प्रॉपर्टी की छानबीनः

उल्लेखनीय है कि वक्फ बोर्ड को प्रदेश के सभी जिलों में मौजूद 15 हजार से अधिक प्रॉपर्टीज की छानबीन में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। कटनी में अनेक संपत्तियां वक्फ बोर्ड से जुड़ी हैं। प्रॉपर्टीज का सैटेलाइट सर्वे और भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है। करोड़ों रुपए कीमती ज्यादातर वक्फ संपत्तियों पर कांग्रेस से जुड़े मुस्लिम नेताओं का कब्जा रहा है। ये लोग वर्षों से इन संपत्तियों पर काबिज हैं और किराया वसूल रहे हैं। कटनी जिले में पहले भी वक्फ की संपत्तियों का आंकलन किया जा चुका है। कटनी शहर के अलावा कुछ ग्रामीण इलाकों में भी वक्फ की संपत्तियों का ब्यौरा सामने आ चुका है। भाजपा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि राजधानी भोपाल में 21 अप्रैल को आयोजित की जा रही कार्यशाला से जनजागरण अभियान की शुरुआत होगी। कटनी में भी कार्यशाला के आयोजन की तारीख जल्द आने वाली है। कार्यशाला में तय किया जाएगा कि शहर सहित जिले के मुस्लिम बहुल वार्ड और बूथ स्तर पर जाकर वक्फ के कानून के प्रमुख फीचर्स की ब्रांडिंग की जाएगी। कटनी जिले की वर्कशॉप के लिए अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ को जवाबदारी सौंपी गई है।

कब्जा हटाकर जरूरतमंदों को दी जाएगी मदद

उधर मप्र वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल यशभारत से बातचीत में कहते हैं कि जन-जागरण अभियान हर जिले में बूथ स्तर पर चलाया जाएगा। मुस्लिम समाज के बीच फैले भ्रम को दूर किया जाएगा। उन्हें यह भी बताएंगे कि यह संस्था बदनाम कैसे हुई। बोर्ड की प्राइम प्रॉपर्टी पर मौजूद कब्जेधारियों के चेहरे बेनकाब कर उन्हें बेदखल किया जाएगा। यह भी बताया जाएगा कि मस्जिदें यथावत रहेंगीं। वक्फ की प्रॉपर्टी से स्वार्थी तत्वों को हटाने से संस्था की आमदनी में वृद्धि होगी जिससे समाज के असल हकदारों, गरीब और जरूरतमंदों को मदद मिलेगी।

कटनी में कल हो रही बैठक, बनेंगी टीमें

जानकारी के मुताबिक इस अभियान के लिए कटनी में भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के कटनी जिलाध्यक्ष नवाब खान को संयोजक बनाया गया है। उन्होंने यशभारत को बताया कि कटनी जिले में वर्कशॉप आयोजित करने के लिए भाजपा जिला कार्यालय में कल 22 अप्रैल प्रकोष्ठ की बैठक बुलाई गई है जिसमें टीम बनाकर जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने बताया कि मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में टीमें निरंतर सक्रिय रहेंगी तथा नए वक्फ कानून को लेकर जो शंका है, उसका समाधान करेंगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को कार्यशाला में प्रशिक्षित किया जाएगा।

क्या होता है वक्फ?

वक्फ एक तरह का दान होता है। इसमें कोई व्यक्ति अपनी संपत्ति को धार्मिक या सामाजिक कार्यों के लिए दान कर देता है। इस संपत्ति का प्रबंधन वक्फ बोर्ड करता है। वक्फ बोर्ड यह सुनिश्चित करता है कि संपत्ति का इस्तेमाल दान करने वाले व्यक्ति की इच्छा के अनुसार हो। नए वक्फ कानून में वक्फ संपत्तियों के सत्यापन को अनिवार्य कर दिया गया है। इससे वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता आएगी। साथ ही, वक्फ संपत्तियों पर होने वाले विवादों को भी कम किया जा सकेगा।Screenshot 20250421 201210 WhatsApp2

Screenshot 20250421 114744 Chrome2 images 31 31

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon Join Yashbharat App