मध्य प्रदेशराज्य

मिड-डे मील के बाद पहली कक्षा के छात्र की मौत : स्कूल में मचा हड़कंप…

Table of Contents

 यश भारत सतना।सतना जिले के विकासखंड मझगवां अंतर्गत संकुल केंद्र पाथरकछार के प्राथमिक शाला गोपालपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। कक्षा एक के छात्र उमाकांत विश्वकर्मा (पिता राजेंद्र विश्वकर्मा) की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

विद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग 1:15 बजे छात्र ने मिड-डे मील ग्रहण किया। इसके बाद उसने हैंडपंप से पानी पिया और अन्य बच्चों के साथ खेलने लगा। इसी दौरान अचानक उसके शरीर और आंखों में तेज सूजन आने लगी। बच्चे की हालत बिगड़ती देख स्कूल प्रबंधन ने तत्काल परिजनों को सूचना दी।

परिजनों की मौजूदगी में गांव के एक डॉक्टर को दिखाया गया, जहां स्थिति गंभीर देखते हुए बच्चे को मझगवां ले जाने की सलाह दी गई। हालांकि, इसी बीच हालत और बिगड़ गई और करीब 2:30 बजे बच्चे ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मझगवां बीआरसीसी जगतेंद्रमाणि त्रिपाठी, नायब तहसीलदार सुदामा प्रसाद, बरौंधा थाना पुलिस तथा शिक्षा विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।

फिलहाल बच्चे की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद स्कूल में दिए जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button