
देशभर में जारी गर्मी के सितम के बीच मानसून ने बंगाल की खाड़ी में दस्तक दी है। अंडमान निकोबार और पश्चिम बंगाल में इसका असर देखने को मिला है। मौसम विभाग ने जल्द ही मानसून के केरल पहुंचने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग ने इसी सप्ताह उत्तराखंड, मेघालय, असम और केरल में बारिश का अनुमान जताया है।
इधर, राजधानी दिल्ली में रविवार को चिलचिलाती गर्मी और भीषण लू के बीच कई इलाकों का तापमान 49.2 रिकॉर्ड दर्ज हुआ। देश के किसी भी शहर के मुकाबले, इस साल यह सबसे ज्यादा तापमान है। इधर, UP के बांदा में भी रविवार को तापमान 49 डिग्री दर्ज किया गया।
हालांकि, दिल्ली में आज सुबह से ही मौसम ने करवट बदल ली है। राजधानी दिल्ली और NCR में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश हो सकती है।