माघी पूर्णिमा पर कुंभ से लौटते श्रद्धालु मैहर पहुंचे: डेढ़ लाख भक्तों ने मां के दरबार में शीश नवाया

सतना lमां शारदा की नगरी मैहर में बुधवार को माघी पूर्णिमा के मौके पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रयागराज महाकुंभ से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने मां के दर्शन के लिए मंदिर का रुख किया। आज सुबह से ही बाहरी वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। हालांकि, प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए थे।
प्रशासन की सुव्यवस्थित व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन का लाभ मिल रहा है। रोपवे में भले ही एक घंटे की प्रतीक्षा करनी पड़ रही है, लेकिन व्यवस्था सुचारू है। सुबह से दोपहर 4 बजे तक करीब डेढ़ लाख भक्तों ने मां के दरबार में शीश नवाया।
एसडीएम विकास सिंह ने बताया कि महाकुंभ के मद्देनजर मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे से रात 12 बजे तक खुले रखे जा रहे हैं। मेला परिसर की मुख्य पार्किंग भर जाने के बाद प्रशासन ने अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था की।
उन्होंने यह भी बताया कि महाकुंभ के चलते प्रशासन और पुलिस के जवान पूरी तरह से मुस्तैद हैं।