मां जगदम्बे के दर्शनार्थ आज सड़कों पर रतजगा, शाम होते ही उमड़ने लगी भीड़, कहीं स्वर्ण मंदिर में विराजी तो कहीं झूला झूल रहीं मां भवानी

कटनी, यशभारत। बारडोली के दुर्गा पूजा पर्व की धूम पूरे शबाब पर पहुंच गई है। चहुंओर माता के जयकारे लग रहे हैं। कदम-कदम पर मां जगतजननी के विविध स्वरूपों की स्थापना की गई है। आज अष्टमी को मां के दर्शनार्थ शाम होते ही सड़कों पर लोग निकल पड़े। देर रात तक भीड़ सड़कों पर नजर आएगी। नवरात्र पर्व की सप्तमी पर भी दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शनार्थ श्रद्धालुओं की भीड़ सड़कों पर उमड़ी। दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा की गई आकर्षक और चकाचौंध विद्युत साज-सज्जा से पूरा शहर दूधिया रोशनी से नहा रहा है। हर तरफ दुर्गोत्सव की ही धूम नजर आ रही है। श्रद्धालु माता की भक्ति में लीन नजर आ रहे। भोर होते ही माता के जयकारों की गूंज से सारा आलम गुंजायमान हो रहा है।
नवरात्र पर्व की अष्टमी के अवसर पर आज सोमवार को आदिशक्ति जगतजननी मां दुर्गा की विशेष पूजा अर्चना करते हुए अठवाई का भोग लगाया गया। इस अवसर पर घरों के साथ ही शहर के मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मातारानी के दर्शन किए। यहां पूजा अर्चना का सिलसिला अल-सुबह से शुरू होकर दोपहर तक चलता रहा। मंदिरों में आज मां दुर्गा का विशेष श्रृंगार भी किया गया। घरों में कहीं-कहीं कन्या भोजन का भी आयोजन किया गया। कल नवरात्र पर्व की पर जवारा विसर्जन के साथ ही नवरात्र पर्व का समापन हो जाएगा।
माता का आकर्षक श्रृंगार, मंदिरों में उमड़ी भीड़
शहर के प्रमुख आस्था के केन्द्र जालपा मड़िया, जालपा वार्ड स्थित काली मंदिर, आजाद चौक स्थित आदिशक्ति जगत जननी दुर्गा मंदिर, बाबली टोला स्थित मरही माता मंदिर, झंडा बाजार खेरमाई मंदिर, भूमि प्रकट मां शारदा मंदिर बरगवां, घंटाघर स्थित काली मंदिर, विश्राम बाबा वार्ड स्थित मां काली धाम मंदिर, अशोक कालोनी स्थित मां शेरावाली मंदिर, तिलक कालेज रोड स्थित खेरमाई मंदिर, खिरहनी फाटक के पास स्थित भूमि प्रकट मां शारदा मंदिर, समदड़िया सिटी स्थित श्री आदिशक्ति दुर्गा मंदिर, तिलक कॉलेज रोड स्थित बलखंडी माता की मड़िया, खेरमाई माता मंदिर ओएफके, दख्खिन माता की मढ़िया खिरहनी फाटक, दुर्गा मंदिर एसीसी, खेरमाई मड़िया विवेकानंद वार्ड, कुठला स्थित चंडिका देवी मंदिर, नई बस्ती शहीद द्वार दुर्गा मंदिर, उपनगरीय क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों में नवरात्र की अष्टमी पर मां दुर्गा की विशेष पूजा अर्चना की गई। भोर होते ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। माता को जल डारने के बाद अठवाई का भोग लगाया गया।
पुलिस और प्रशासन ने की तैयारियां
नवरात्र एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर पुलिस व जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की गई हैं। चौराहों से लेकर शहर से बाहर जाने वाले मागों पर पुलिस की तैनाती की गई है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। पुलिस द्वारा भीड़ बढ़ने की स्थिति में नाकों पर गांवों से आने वाली भीड़ को रोकने का भी प्रयास किया जाएगा। कल जवारा विसर्जन के साथ ही नवरात्र पर्व का समापन हो जाएगा और परसों 1 अक्टूबर को विजयादशमी पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर परंपरानुसार बारडोली का दशहरा चल समारोह आयोजित किया जाएगा।
ग्रामीण अंचल में भी धूम
शारदीय नवरात्र पर्व के मौके पर ग्रामीण अंचल क्षेत्रों में भी देवी मंदिरों और पंडालों में सुबह शाम मातारानी का श्रृंगार करने के साथ ही आरती-पूजन हो रहा है। दुर्गा शप्तशती के पाठ भी किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रतिदिन सर्व कल्याण के लिए हवन भी हो रहा है। नवरात्र पर्व का उल्लास जिले भर में देखने को मिल रहा है। इस दौरान देवी मंदिरों व खेर माता मढ़िया में महागौरी के स्वरूप की पूजा के साथ अठमाई बताशे खीर का भोग लगाया गया। देवी मंदिरों के साथ घरों में कुलदेवी और पंडालों में माँ का विशेष पूजन हो रहा है और मां को छप्पन भोग का प्रसाद लगाया जा रहा है। 









