मनरेगा में हुआ था भ्रष्टाचार:जबलपुर EOW ने उपयंत्री सहित तीन के खिलाफ कोर्ट में पेश किया चालान, अन्य की मांगी है अनुमति

जबलपुर, यशभारत। पनागर के तिलगवां ग्राम पंचायत द्वारा 2014 में कराए गए मनरेगा के कार्य में जमकर भ्रष्टाचार किया गया था। राज्य आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने शुक्रवार को इस मामले में कोर्ट चालान पेश किया।
एसपी ईओडब्ल्यू देवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत के मुताबिक ग्राम पंचायत तिलगवां में 2014 में मनरेगा के कार्य में भ्रष्टाचार हुआ था। इसकी शिकायत पर जांच हुई थी। 2015 में धोखाधड़ी और फर्जीवाड़ा का प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले में सीईओ महबूब खान, उपयंत्री पंकज मुड़ीया, सरपंच कृष्णा यादव और सचिव कल्लू राय को आरोपी बनाया गया था। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियक की भी धारा लगाई थी।
उपयंत्री सहित तीन के खिलाफ चालान पेश
ईओडब्ल्यू ने जांच के बाद पंकज मुड़ीया ओर दो सप्लायर्स विजय यादव व महेंद्र श्रीवास के खिलाफ शुक्रवार को विशेष कोर्ट में चालान पेश किया। सीईओ, सरपंच व सचिव के खिलाफ चालान पेश करने की अनुमति अभी लेनी शेष है। आरोपियों ने मनरेगा के कार्यों में दो लाख रुपए की धोखाधड़ी कर शासन को आर्थिक चपत लगाई है।