
जबलपुर, यशभारत। अलग-अलग स्थानों पर बने चार वेदर सिस्टम के कारण मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं। पूर्वी मप्र के कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को भी बादल बने रहने के साथ पूर्वी मप्र के रीवा, जबलपुर, शहडोल, सागर संभागों के जिलों में बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान कहीं -कहीं ओले भी गिर सकते हैं। हालांकि बुधवार को दोपहर के बाद राजधानी भोपाल सहित पश्चिमी मप्र में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। इस चक्रवात से एक ट्रफ मध्य प्रदेश से होकर तेलंगाना तक बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के मध्य में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इन चार वेदर सिस्टम के सक्रिय रहने के कारण प्रदेश में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो रही है।