
जबलपुर यशभारत । रजत पाटीदार अब आरसीबी के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने आरसीबी को आईपीएल का खिताब जिताया है। आईपीएल के पहले खिताब के लिए आरसीबी को पूरे 18 साल का इंतजार करना पड़ा। खास बात ये है कि रजत पाटीदार पहली बार आरसीबी के कप्तान बने और पहली ही बार में खिताब जीतने में कामयाब हो गए। कहने के लिए कहा जा सकता है कि जो काम विराट कोहली अपनी कप्तानी में नहीं कर पाए, वो काम रजत ने कर दिखाया है। इस जीत के साथ ही रजत पाटीदार ने रोहित शर्मा की भी बराबरी कर ली है। रजत मनोहर पाटीदार घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश के लिए खेलते हैं औरइंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी करते हैं।
कहानी पाटीदार की
कई बार माता-पिता-पिता खुद नहीं समझ पाते कि उनका बेटा अपने जुनून और जिद की बदौलत दुनिया भर में उनका नाम रोशन भी कर सकता है. ऐसी ही कहानी है इंदौर के स्टार क्रिकेटर और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नवोदित कप्तान रजत पाटीदार की, जो अब आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए कप्तानी करेंगे. रजत पाटीदार के पिता मनोहर पाटीदार ने रजत से जुड़े कई रोचक किस्से भी साझा किए.
रजत शुरू से ही पढ़ने में थे कमजोर
मनोहर पाटीदार बताते हैं कि “रजत को बचपन में देखकर कभी नहीं लगता था कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट खेलेगा. वह शुरू से ही पढ़ाई में कमजोर था, क्योंकि उसका मन पढ़ाई नहीं बल्कि क्रिकेट में ज्यादा लगता था. तब हमें लगता था कि यह बस रणजी मैच ही खेल पाए, तो ही हमारे लिए काफी रहेगा. इसलिए हमने कभी भी उसके खेल से कोई खास अपेक्षा नहीं की.”उन्होंने कहा, “इंदौर के न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल में कक्षा पांचवी के बाद उसे आठवीं की परीक्षा पास करने में भी काफी मुश्किल आई, क्योंकि वह एग्जाम टाइम में परीक्षा छोड़कर क्रिकेट खेलने के लिए बाहर चला जाता था. बड़ी मुश्किल से जैसे-तैसे उसने आठवीं की परीक्षा पास की, तब हमें लगा कि रणजी में उसका सलेक्शन हो जाए उतना काफी है. इसके बाद हमने उसे क्रिकेट खेलने की फ्रीडम दे दी, लेकिन जब उसका रणजी टीम में सिलेक्शन हो गया तो हम भी नो टेंशन हो गए.”
क्रिकेट के लिए रजत छोड़ देते थे फैमिली फंक्शन
पेशे से बिजनेसमैन मनोहर पाटीदार ने कहा “पहले आईपीएल मैच भी नहीं होते थे, लेकिन फिर भी रजत के मन में क्रिकेट को लेकर इतना जुनून था कि वह घर परिवार के शादी समारोह तक छोड़ देता था, लेकिन मैदान में क्रिकेट खेलने जरूर जाता था. अब जबकि उसका सिलेक्शन रॉयल चैलेंजर्स के कप्तान के रूप मे हुआ है, तो अब हमें भी लगता है कि यह बड़ी बात है. हमारे लिए भी यह सच में बहुत बड़ी बात है.”
आईपीएल डेब्यू
दरअसल, रजत पाटीदार 2015-16 से रणजी क्रिकेट खेल रहे हैं. हालांकि 2019 में अच्छे प्रदर्शन के लिए उनके टीम इंडिया में सिलेक्शन हुआ था. इसके बाद 2021 से वे आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स का बेंगलुरु का हिस्सा हैं. रजत पाटीदार ने आईपीएल में अब तक कुल 27 मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 24 पारियों में 34.74 की औसत से 799 रन निकले हैं. पाटीदार के नाम आईपीएल में 1 शतक और 7 अर्धशतक दर्ज है. यहां उन्होंने 158.85 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं.







