मंदिरों में चोरी का खुलासा किया ढीमरखेड़ा पुलिस ने, आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद,

कटनी, यश भारत। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा. संतोष डेहरिया और एसडीओपी महोदया श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में और टीआई ढीमरखेड़ा अभिषेक चौबे के नेतृत्व में चौकी प्रभारी सिलौडी उनि अनिल पांडे को आज एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। घटना का संपूर्ण विवरण इस प्रकार है कि थाना ढीमरखेडा पुलिस को 19 जनवरी को सूचना प्राप्त हुई कि कोई अज्ञात व्यक्ति द्वारा सिलोंडी चौकी अंतर्गत ग्राम सिलोंडी में धर्मपुरा हनुमान कुटी में मंदिर के अंदर से एवं सिलोंडी कस्बा में स्थित निजी मंदिर से हनुमान जी एवं राम लक्ष्मण जी के चांदी के मुकुट 4 नग वजनी करीब 30 तोला कीमती करीब 80,000 रुपये के चोरी कर लिये हैं। इस पर ढीमरखेड़ा थाने में धारा 331 (3),305A BNS का अपराध पंजीबद्ध किया गया था घटना की सूचना पर थाना पुलिस द्वारा तत्परता से अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अभिषेक चौबे द्वारा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल पांड के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से सतत प्रयास किए गए। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त चोरी की वारदात में संलिप्त एक संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसने हनुमान मंदिर से मुकुट चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया भगवान का मुकुट बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में निखिल सेन पिता विजय सेन उम्र 19 साल नि सिलोडी थाना ढीमरखेडा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 4 चांदी के मुकुट बरामद किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
थाना ढीमरखेडा पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही कर धार्मिक स्थल पर हुई चोरी का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और सुदृढ़ हुआ है। चोरी का खुलासा होने पर लोगो ने खुशी जाहिर की गई। आरोपी को न्यायालय पेश किया गया। जिसे माननीय न्यायालय के आदेश से जेल भेजा जा रहा है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम अथक प्रयास कर चोरी के खुलासे में मुख्य भूमिका में थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा अभिषेक चौबे, चौकी प्रभारी अनिल पांडेय, प्रधान आर. अतुल शर्मा आर. रामसेवक, धरमवीर की मुख्य भूमिका रही। श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय कटनी द्वारा पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।







